लखनऊ : आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का प्रदर्शन लगातार खराब बना हुआ है। टीम ने 8 में से 6 मैच गंवा दिए हैं और अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है। हार और दबाव के इस माहौल में टीम के लिए अब एक राहत भरी खबर सामने आई है।
जिस खिलाड़ी को नीलामी में भारी रकम देकर टीम में शामिल किया गया था वह आखिरकार बाकी बचे सीजन के लिए स्क्वाड से जुड़ गया है। इससे एलएसजी खेमे में वापसी की उम्मीदें फिर से जागी हैं।
जॉश इंग्लिश ने टीम से जोड़ा हाथ
ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉश इंग्लिश अब लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ चुके हैं। वह सोमवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मैच से टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आईपीएल नीलामी से पहले ही इंग्लिश ने स्पष्ट कर दिया था कि वह अपनी शादी के कारण पूरे सीजन की शुरुआत में उपलब्ध नहीं रह पाएंगे। इसके बावजूद उन पर भारी बोली लगी। खासकर लखनऊ और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंत में लखनऊ ने उन्हें 8.6 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा जबकि हैदराबाद ने 8.4 करोड़ तक बोली लगाई थी।
18 अप्रैल को पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के मार्गरेट रिवर में शादी करने के बाद अब इंग्लिश पूरी तरह आईपीएल खेलने के लिए तैयार हैं।
पिछले सीजन में उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए 11 पारियों में 278 रन बनाए थे उनका औसत 30.88 और स्ट्राइक रेट 162.57 रहा था। ऐसे में अब उनसे लखनऊ की कमजोर बल्लेबाजी लाइनअप को मजबूती देने की उम्मीद की जा रही है। टीम के सामने अब मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी अहम टीमों के खिलाफ मैच हैं जहां उनका प्रदर्शन निर्णायक हो सकता है।
मैथ्यू ब्रीट्जके ने छोड़ा टूर्नामेंट
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके निजी कारणों से आईपीएल छोड़कर अपने देश लौट गए हैं। बताया गया है कि उनके परिवार में एक करीबी सदस्य का निधन हुआ है जिसके कारण उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा।
उन्होंने 26 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले ही टीम छोड़ दी थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह आगे आईपीएल 2026 में वापसी करेंगे या नहीं। यह स्थिति भी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक और बड़ा झटका मानी जा रही है।