🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आईपीएल 2026 में काइल जैमिसन पर कारवाई, वैभव सूर्यवंशी को उकसाना पड़ा भारी

बीसीसीआई ने कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन पर दी चेतावनी और जोड़ा डिमेरिट पॉइंट।

जयपुर : आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने थीं। यह मैच सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया जहां अंततः राजस्थान को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में अच्छी फॉर्म में चल रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बड़ा झटका लगा। हाल के मैचों में शानदार बल्लेबाजी करने वाले वैभव इस बार पारी की शुरुआत में ही रुक गए। उन्हें दिल्ली के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन ने आउट किया।

हालांकि असली विवाद विकेट गिरने के बाद सामने आया। वैभव को आउट करने के बाद जैमिसन ने जिस तरह का आक्रामक जश्न मनाया वह चर्चा का विषय बन गया। उनकी इस हरकत पर बोर्ड की नजर गई और अंततः उन्हें इसके लिए सजा का सामना करना पड़ा।

काइल जैमिसन पर अनुशासनात्मक कारवाई

दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन पर आईपीएल के आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा। मैच रेफरी राजीव सेठ ने उन्हें लेवल-1 अपराध का दोषी मानते हुए आधिकारिक चेतावनी दी और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया। यह घटना मैच की पहली पारी के दूसरे ओवर में हुई।

वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद जैमिसन उनके बेहद करीब जाकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाने लगे। माना गया कि इस तरह का व्यवहार बल्लेबाज को उकसाने वाला हो सकता है। आईपीएल आचार संहिता की धारा 2.5 के अनुसार ऐसा कोई भी व्यवहार, भाषा या इशारा जो विरोधी खिलाड़ी को उकसा सकता है दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

जैमिसन ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया। जानकारी के अनुसार विकेट लेने के बाद वह वैभव की आंखों में आंखें डालकर बार-बार ताली बजा रहे थे जबकि सूर्यवंशी भी उनकी ओर देख रहे थे।

बल्ले से असर नहीं छोड़ पाए वैभव सूर्यवंशी

इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने केवल 2 गेंदों में 4 रन बनाए और आउट हो गए। पारी की पहली गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने अच्छी शुरुआत की लेकिन अगली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौटना पड़ा।

हालांकि पूरे सीजन में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। अब तक खेले गए 10 मैचों में वैभव 404 रन बना चुके हैं। वह ऑरेंज कैप की दौड़ में चौथे स्थान पर बने हुए हैं जो उनकी निरंतरता और शानदार फॉर्म को दर्शाता है।

Articles you may like: