🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पुणे में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, मुंबई-बेंगलुरु हाईवे घंटों रहा जाम

सीसीटीवी फुटेज से पकड़ में आया 65 वर्षीय आरोपी, पीड़ित परिवार ने फांसी की सजा की उठाई मांग।

By रजनीश प्रसाद

May 03, 2026 14:56 IST

मुंबई : महाराष्ट्र के पुणे में चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों लोग शनिवार शाम सड़कों पर उतर आए और मुंबई-बेंगलुरु हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारी ‘नवाले ब्रिज’ इलाके में एकत्र हुए। पीड़िता के परिवार और स्थानीय लोगों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सभी ने आरोपी को फांसी जैसी कड़ी सजा देने की मांग की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं।

बाद में भारी पुलिस सुरक्षा के बीच आधी रात के बाद वैकुंठ श्मशान घाट में बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में गिरफ्तार 65 वर्षीय आरोपी मजदूर है और उसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। आरोप है कि उसने बच्ची को खाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह उसे मवेशियों के बाड़े में ले गया जहां उसके साथ यौन उत्पीड़न किया और फिर हत्या कर दी।

पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला। बच्ची के लापता होने के बाद परिवार और आसपास के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक निजी मकान के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने उसे 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को बेहद शर्मनाक और मानवता पर कलंक बताया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मामले पर चर्चा की और त्वरित अदालत में सुनवाई कराने की मांग की ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कठोर सजा मिल सके।

वहीं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुणे ग्रामीण पुलिस को निर्देश दिया है कि मामले में मजबूत सबूत जुटाए जाएं और ऐसा केस तैयार किया जाए जिससे आरोपी को अधिकतम सजा, यानी फांसी की सजा दिलाई जा सके।

Articles you may like: