इस्लामाबाद : पाकिस्तान के शीर्ष क्रिकेटर बाबर आजम ने आखिरकार कप्तान के रूप में टी-20 खिताब जीत लिया। उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जालमी की अगुवाई करते हुए टीम को ट्रॉफी दिलाई। फाइनल मुकाबले में पेशावर जालमी ने हैदराबाद किंग्समेन को विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। हालांकि यह बाबर आजम का टी-20 प्रारूप में कप्तान के रूप में पहला बड़ा खिताब है लेकिन उनकी जीत से ज्यादा चर्चा उनके जश्न मनाने के तरीके को लेकर हो रही है।
मैच के बाद हुए सेलिब्रेशन के दौरान देखा गया कि बाबर आजम ट्रॉफी लेने के लिए उसी अंदाज में आगे बढ़े जैसा कि भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने 2024 में टी-20 विश्व कप जीतने के बाद किया था। बाबर के साथ उनके साथी खिलाड़ी इफ्तिखार अहमद भी उसी शैली में ट्रॉफी लेने पहुंचे। इस दृश्य ने सोशल मीडिया पर तुरंत ध्यान खींच लिया और लोगों ने इसे रोहित शर्मा की स्टाइल की नकल बताया।
इसको लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने लिखा की बाबर आजम ने रोहित शर्मा का सेलिब्रेशन कॉपी किया है। क्या इनके पास अपना कुछ नहीं है? ऐसा लगता है कि ये सब कुछ भारत से ही नकल करते हैं। वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की वह रोहित शर्मा बनने की कोशिश कर रहे थे लेकिन यह एक मजाक बन गया। एक अन्य प्रतिक्रिया में कहा गया हर मास्टरपीस की एक सस्ती कॉपी होती है। खास तौर पर बाबर आजम के चलने के अंदाज को लेकर कई मीम भी बनाए गए जो तेजी से वायरल हुए।
फाइनल मुकाबले में पेशावर जालमी के खिलाड़ी एरन हार्डी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने गेंदबाजी में 27 रन देकर 4 विकेट लिए जिसकी बदौलत हैदराबाद किंग्समेन की टीम 18 ओवर में केवल 129 रन पर सिमट गई। इसके बाद बल्लेबाजी में भी उन्होंने 56 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली जिससे पेशावर जालमी ने 15.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
पूरे टूर्नामेंट में एरन हार्डी का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने कुल 11 मैचों में 73.50 की औसत से 588 रन बनाए जिसमें तीन अर्धशतक और दो शतक शामिल हैं।
दूसरी ओर बाबर आजम का प्रदर्शन भी इस सीजन में उल्लेखनीय रहा। उन्होंने दो शतक और तीन अर्धशतक लगाए। इस प्रदर्शन के जरिए बाबर ने लंबे समय बाद रन और शतक दोनों हासिल किए जिससे उनकी फॉर्म में वापसी भी साफ नजर आई।