कोलकाताः मतगणना के अंतिम चरण में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भवानीपुर में मतगणना केंद्र में उनके ऊपर हाथ उठाया गया। सोमवार की दोपहर के बाद शाखावत मेमोरियल हॉल में मतगणना केंद्र पहुंची थीं ममता बनर्जी। शाम तक वह अंदर रहीं।
शाम के साढ़े ७ बजे के करीब वहीँ से कार में बैठकर ममता बाहर निकल गईं। तब तक ममता के मुख्य चुनाव एजेंट वैश्वनव चट्टोपाध्याय बाहर आ चुके थे। वही सबसे पहले उन्होंने शिकायत करते हुए कहा कि ‘तृणमूल जीत रही थी। भवानीपुर इलाके में अपराध करके कब्जा कर लिया गया। ममता बनर्जी को मारा-पीटा गया। हमें मारा गया। भाजपा के गुंडों ने धक्का दिया। शुभेंदु अधिकारी खुद वहाँ थे। वह मतगणना केंद्र के अंदर यह गुंडागर्दी खुद ही कर रहे थे। भवानीपुर में हम जीत रहे थे। जबरदस्ती हमें मतगणना केंद्र से बाहर निकाल दिया गया।
इसके बाद ममता जब बाहर आयीं तो पत्रकारों ने ममता से सवाल किया कि उनके ऊपर किसने हाथ उठाया ? ममता का कहना था कि, ‘CRPF और भाजपा दोनों। हमारे किसी को भी मतगणना केंद्र में जाने की अनुमति नहीं दी गई। 100 सीटों को लूट लिया और चुनाव आयोग भाजपा का आयोग है। मैंने पश्चिम बंगाल के CEO को भी शिकायत की। यह अनुचित जीत है। नैतिक विजय नहीं।’ इसके बाद ममता वहां से निकल गईं।