चेन्नई : भारत में जहां एक ओर आईपीएल जैसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में करोड़ों रुपये चमक-दमक और विज्ञापनों की भरमार है वहीं दूसरी ओर एथलेटिक्स जैसे खेलों के खिलाड़ी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। इसी का एक उदाहरण हैं उभरते हुए पोल वॉल्टर काविनराजा एस जिन्होंने हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन वापसी के दौरान गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
काविनराजा एस 2025 में आयोजित अंडर-20 फेडरेशन कप के चैंपियन हैं। हाल ही में इंदौर में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद वे भुवनेश्वर से लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रेन यात्रा में उन्हें अपने पोल (डंडों) के साथ भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एक रिपोर्ट के अनुसार काविनराजा एस को अपने पोल के साथ 12 घंटे से अधिक समय तक राजामुंद्री स्टेशन पर फंसे रहना पड़ा। पोल वॉल्ट में इस्तेमाल होने वाले डंडे काफी लंबे होते हैं और एक से अधिक संख्या में होते हैं इसलिए उन्हें सामान्य किट बैग में रखना संभव नहीं होता। भारत में ऐसे बड़े खेल उपकरणों के साथ यात्रा करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है। दूसरी ओर इन्हें अलग वाहन से ले जाने के लिए जिस खर्च की जरूरत होती है वह इस खेल से मिलने वाली आय से पूरा कर पाना मुश्किल है।
काविनराजा द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में देखा गया कि वे ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर कर रहे थे जहां खड़े होने तक की जगह नहीं थी। उनके पोल को खिड़की के पास रस्सी से बांधा गया था। शुरुआत में यात्रा ठीक रही लेकिन बाद में स्थिति बिगड़ गई। ट्रेन के झटकों के कारण पोल को बांधने वाली रस्सी टूट गई। पोल गिरने से बचाने के लिए उनके एक साथी ने ट्रेन की इमरजेंसी चेन खींच दी। उस समय अन्य यात्रियों को कारण समझ नहीं आया लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई।
कौन हैं काविनराजा?
काविनराजा एस अभी देश में बहुत ज्यादा चर्चित नाम नहीं हैं लेकिन धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रहे हैं। वे भारत के उभरते हुए पोल वॉल्टर हैं और तमिलनाडु के सलेम के निवासी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिकैथलॉन खिलाड़ी के रूप में की थी जिसके बाद पोल वॉल्ट में विशेषज्ञता हासिल की।
मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले काविनराजा ने कई बार बताया है कि उन्होंने अपने पिता का अधूरा सपना पूरा करने के लिए एथलेटिक्स में कदम रखा।
उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उन्होंने सफलता हासिल की है। 2026 के अंडर-20 फेडरेशन कप में उन्होंने 5.12 मीटर का मार्क पार किया। इसके साथ ही उन्होंने एशियाई और विश्व अंडर-20 प्रतियोगिताओं के लिए भी क्वालिफाई किया है।