मुंबई : आईपीएल ने अपने 19 साल पूरे कर लिए हैं और इन 19 वर्षों में से 15 साल रघु शर्मा ने सिर्फ एक मौके के इंतजार में बिताए। इस बार मौका मिलते ही उन्होंने एक खास संदेश देकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए रघु शर्मा ने अपने आईपीएल करियर का पहला विकेट हासिल किया। विकेट लेने के बाद उन्होंने अपनी जेब से एक कागज निकालकर कैमरे की ओर दिखाया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
33 वर्षीय रघु शर्मा ने आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में डेब्यू किया था। उस मैच में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में उन्होंने आखिरकार सफलता हासिल की। एलएसजी के बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी को आउट करने के बाद रघु ने जेब से एक पर्ची निकालकर कैमरे के सामने दिखाई।
उस पर्ची पर लिखा था कि गुरुदेव की कृपा से आज 15 साल की पीड़ादायक यात्रा समाप्त हुई। मुझे यह अवसर देने के लिए मुंबई इंडियंस का धन्यवाद। सभी को धन्यवाद। जय श्री राम।
रघु शर्मा के इस संदेश से साफ है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है। लंबे समय तक वह आईपीएल से जुड़े रहे। 2013 में वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नेट बॉलर थे। 2025 के आईपीएल में वह मुंबई इंडियंस के नेट बॉलर के रूप में जुड़े। इस सीजन में विग्नेश पुथुर के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया।
मुंबई इंडियंस की जीत में निभाई अहम भूमिका
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। 8 ओवर में टीम ने 123 रन बना लिए थे। निकोलस पूरन के आउट होने के बाद रघु शर्मा और अन्य गेंदबाजों ने रन गति पर कुछ हद तक अंकुश लगाया। चेन्नई के खिलाफ मैच में रघु ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन दिए थे जबकि लखनऊ के खिलाफ उन्होंने 1 विकेट लेकर 36 रन खर्च किए।