कोलकाताः पश्चिम बंगाल में मौसम इन दिनों तेजी से करवट बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। मंगलवार को दक्षिण और उत्तर बंगाल में कालबैशाखी तूफान के साथ गरज-चमक और तेज बारिश का असर देखने को मिल सकता है। खासकर दोपहर के बाद मौसम ज्यादा उग्र हो सकता है, जब 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
हालांकि यह राहत ज्यादा लंबी नहीं रहने वाली। बुधवार से बारिश की तीव्रता कम होने लगेगी और गुरुवार से मौसम फिर शुष्क हो सकता है। इसके बाद तापमान बढ़ने और उमस भरी गर्मी लौटने के संकेत हैं। तटीय इलाकों में तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
उमस ने बढ़ाई परेशानी
कोलकाता में मंगलवार सुबह से आसमान बादलों से ढका रहा, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। न्यूनतम तापमान करीब 23C दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। अधिकतम तापमान 32–34C के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर नमी 85–90% तक बनी रही, जिससे असहजता महसूस हुई। शाम या रात में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जो थोड़ी राहत दे सकती है। हवाओं की रफ्तार 40 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है, इसलिए दोपहर बाद सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बुधवार से बारिश में कमी आएगी।
दक्षिण बंगाल: कई जिलों में सतर्कता जरूरी
दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक तीव्र रहने वाला है। हुगली, पूर्व बर्धमान, उत्तर 24 परगना, बांकुड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर और हावड़ा में भारी बारिश (7–11 सेमी तक) और 50–60 किमी/घंटे की तेज हवाओं की संभावना है।
वहीं, कोलकाता, हावड़ा, दक्षिण 24 परगना और पूर्व-पश्चिम बर्धमान में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। तटीय इलाकों में विशेष सावधानी बरतने और मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर बंगाल में काल बैशाखी का असर रहेगा
उत्तर बंगाल में भी मौसम का असर बना रहेगा। मालदा, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में कालबैशाखी का प्रभाव देखने को मिल सकता है। सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40–60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राहत के बाद फिर गर्मी बढ़ेगी
मंगलवार के बाद मौसम धीरे-धीरे शांत होने लगेगा। 7–8 मई से शुष्क मौसम लौटने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मई के दूसरे सप्ताह में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।
यानी, फिलहाल की यह बारिश भले थोड़ी राहत दे, लेकिन जल्द ही गर्मी और उमस फिर से लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकती है।