आम जनता पार्टी (AJUP) के संस्थापक और नवनिर्वाचित विधायक हुमायूं कबीर ने नावदा विधानसभा क्षेत्र से जीत के बाद कहा कि वे विपक्ष में बैठेंगे। हुमायूं ने कहा कि यदि सरकार कोई 'गलत काम' करती है तो वह उसे जनता के सामने रखेंगे ताकि लोग भविष्य में चुनावों में भाजपा के खिलाफ वोट करें।
विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के एक दिन बाद मंगलवार को हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्होंने (भाजपा ने) काफी सीटें जीती हैं। मैं विपक्ष में बैठकर जिले और क्षेत्र के लिए काम करूंगा और अगर सरकार कोई गलत काम करती है तो मैं जनता को बताऊंगा कि भाजपा क्या गलत कर रही है ताकि आने वाले चुनावों में लोग उनके खिलाफ वोट करें।
Read Also | क्या हो अगर चुनाव हारने के बाद कोई मुख्यमंत्री इस्तीफा देने से कर दें इनकार? क्या है संवैधानिक नियम?
गौरतलब है कि हुमायूं कबीर का यह बयान पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के बाद आई है जिसमें पार्टी ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 200 से अधिक सीटें जीतकर ऐतिहासिक बढ़त हासिल की है। इस परिणाम से राज्य में पिछले 15 सालों से शासन कर रही तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा।
चुनाव में तृणमूल के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने अपनी सीटें गंवा दीं जिनमें पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी भी शामिल हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पुष्टि की है कि नवनिर्वाचित भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री 9 मई को शपथ ग्रहण करेंगे जिस दिन को कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती (बांग्ला कैलेंडर के मुताबिक 25 वैशाख) मनायी जाएगी।