मलयालम सिनेमा से एक और धमाकेदार खबर सामने आई है। ‘मंजुम्मल बॉयज़’ से तहलका मचाने वाले निर्देशक चिदंबरम अब अपनी नई फिल्म 'बालन: द बॉय' के साथ सीधे इंटरनेशनल मंच पर एंट्री मारने जा रहे हैं। जी हां, यह फिल्म दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोह कान फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीन होने वाली है। यह अपनी खोई हुई माँ की तलाश कर रहे एक किशोर लड़के की भावनात्मक यात्रा पर केंद्रित है।
निर्माता कंपनी केवीएन प्रोडक्शन्स ने सोशल मीडिया पर इस खबर को शेयर करते हुए बताया कि ‘बालन्: द बॉय’ को 14 मई को ‘मार्शे डू फिल्म’ सेक्शन में मार्केट स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है। यानी फिल्म अब ग्लोबल ऑडियंस के सामने अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
‘मंजुम्मल बॉयज़’ की जबरदस्त सफलता के बाद साल 2024 में अनाउंस हुई 'बालन: द बॉय' को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ है। फिल्म की कहानी लिखी है जिथी माधवन ने, जिन्होंने ‘रोमांचम’ और ‘आवेशम’ जैसी हिट फिल्मों से अपनी पहचान बनाई है।
दिलचस्प बात ये है कि 'बालन: द बॉय' में पूरी तरह नए चेहरों को मौका दिया गया है, जिन्हें ऑडिशन के जरिए चुना गया है। यानी फ्रेश टैलेंट का दमदार डेब्यू देखने को मिलेगा।
फिल्म को वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई फेन ने प्रोड्यूस किया है। म्यूजिक दिया है सुशिन श्याम ने। सिनेमैटोग्राफी संभाली है श्यजू खालिद ने। एडिटिंग की कमान विवेक हर्षन के हाथ में है।
फिल्म का पहला पोस्टर भी काफी चर्चा में रहा था, जिसमें एक अर्धनग्न लड़का हाथ में लकड़ी की छड़ी लिए फूलों की पृष्ठभूमि में नजर आता ह-जिसने दर्शकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 'बालन: द बॉय' कान के मंच पर कितना बड़ा जादू चलाती है। रिलीज डेट भले ही अभी सामने नहीं आई हो, लेकिन फिल्म का इंटरनेशनल डेब्यू ही इसे पहले से खास बना चुका है।