चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत लुधियाना राज्य का तीसरा शहर बन गया है जहां इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लागू किया गया है। इससे पहले यह प्रणाली जालंधर और मोहाली में स्थापित की गई थी। पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) गौरव यादव ने मंगलवार को लुधियाना में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का उद्घाटन किया। DGP गौरव यादव ने बताया कि ICCC परियोजना के तहत शहर की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 259 स्थानों पर 1,700 हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं। ITMS जो लुधियाना शहर में 46 स्थानों पर स्थापित किया गया है निम्नलिखित नौ प्रकार के ट्रैफिक उल्लंघनों का पता लगाने में सक्षम है :
रेड लाइट उल्लंघन, स्टॉप लाइन उल्लंघन, हेलमेट बिना वाहन चलाना, पिलियन राइडर बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग, जेब्रा क्रॉसिंग उल्लंघन, गलत दिशा में वाहन चलाना, गलत पार्किंग
DGP गौरव यादव ने ICCC को उन्नत और अत्याधुनिक बताते हुए इसे प्रिवेंटिव पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा आज मैंने लुधियाना का दौरा करके ऑन-ग्राउंड पुलिसिंग का अवलोकन किया और स्मार्ट तकनीक-आधारित प्रणाली पर जोर दिया। फील्ड अधिकारियों के साथ व्यापक बैठक आयोजित की और जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया।
उन्होंने बताया कि ICCC के अपग्रेड होने से ट्रैफिक, PCR, सेफ सिटी और वायरलेस सिस्टम एकीकृत हो गए है जिससे पुलिस कार्य में समन्वय और तालमेल बढ़ा है और PCR प्रतिक्रिया समय 15 मिनट से घटकर 7-8 मिनट हो गया है। DGP गौरव यादव के साथ कमीश्नर ऑफ पुलिस (CP) लुधियाना स्वप्न शर्मा और डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DIG) लुधियाना रेंज सतिंदर सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने फील्ड अधिकारियों के साथ बैठक कर नागरिक शिकायतों के त्वरित निवारण पर जोर दिया।
इसके अलावा DGP गौरव यादव ने पुलिस कर्मियों के साथ 'बड़ा खाना' में हिस्सा लिया जिसमें पंजाब पुलिस के 550 से अधिक अधिकारी और कर्मी शामिल हुए। उन्होंने कहा इस तरह के कार्यक्रम हमारे सहयोग, एकजुटता और जनता की सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं। साथ ही DGP ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया, ताकि उन्हें और अधिक प्रेरित किया जा सके। इस अवसर पर SSP लुधियाना (रूरल) अंकुर गुप्ता, SSP SBS नगर तुषार गुप्ता, SSP खन्ना दर्पण अहलुवालिया और DGP पंजाब के स्टाफ ऑफिसर ऋषभ भोला भी मौजूद थे।