चंडीगढ़ : पंजाब के जालंधर में मंगलवार रात बीएसएफ के मुख्यालय के बाहर विस्फोट होने के कुछ घंटों बाद ही अमृतसर में भी एक और विस्फोट हुआ। पुलिस ने बताया कि अमृतसर के खस्सा रोड पर सेना छावनी की दीवार के पास यह विस्फोट मंगलवार रात लगभग 11 बजे हुआ। हालांकि विस्फोट की तीव्रता ज्यादा नहीं थी लेकिन इससे छावनी की दीवार के ऊपर लगे टिन के शेड को नुकसान पहुँचा।
अमृतसर के ग्रामीण इलाके के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहेल काशेम मीर ने बताया कि रात सवा 11 बजे के करीब विस्फोट की सूचना मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुँच गई। विस्फोट के कारण छावनी की दीवार पर लगे टिन का शेड सड़क पर गिर गया। पुलिस अधिकारी का अनुमान है कि किसी ने दीवार को निशाना बनाकर बम जैसी वस्तु फेंकी जिससे जोरदार आवाज़ हुई।
घटना के बाद छावनी क्षेत्र में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और बम निपटान दल पहुंचे। सेना और बीएसएफ ने रात में ही व्यापक तलाशी शुरू की, और बुधवार सुबह भी तलाशी जारी रही। अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की भगवंत मान सरकार नागरिकों की सुरक्षा देने में विफल रही है। सांसद ने देश के गृहमंत्री अमित शाह से इस घटना की पूरी और निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया।
इसी दिन मंगलवार शाम को पंजाब के जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के पास खड़ी स्कूटर में विस्फोट हुआ जिससे इलाके में भारी अफरातफरी और डर फैल गया। विस्फोट इतनी तीव्रता वाला था कि स्कूटर तुरंत आग पकड़कर पूरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर कर जांच शुरू की। हालांकि इस विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ।