🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

गुजरात बना विदेशी निवेश का बड़ा केंद्र, FDI आकर्षित करने में देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा

भूपेंद्र टेल सरकार में गुजरात की बड़ी उपलब्धि, 9 महीनों में आया 44 हजार करोड़ से ज्यादा FDI अहमदाबाद ने अकेले खींचा 23,699 करोड़ का विदेशी निवेश

By डॉ. अभिज्ञात

May 06, 2026 22:05 IST

गांधीनगर (गुजरात) : भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आकर्षित करने वाले राज्यों में गुजरात ने एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी), भारत सरकार द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, गुजरात देश में एफडीआई इक्विटी निवेश प्राप्त करने के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में “विकसित गुजरात से विकसित भारत” की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए राज्य लगातार औद्योगिक और आर्थिक प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक के नौ महीनों में गुजरात ने लगभग 44,041.7 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित किया। यह प्रदर्शन दर्शाता है कि गुजरात देश के शीर्ष तीन निवेश आकर्षित करने वाले राज्यों में अपनी स्थिति बनाए हुए है और विदेशी निवेशकों के लिए सुरक्षित तथा प्रगतिशील गंतव्य के रूप में उभरा है।

इसी अवधि में राज्य को प्राप्त कुल एफडीआई का लगभग 52 प्रतिशत हिस्सा अकेले अहमदाबाद जिले में आया। अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 के बीच केवल तीन महीनों में गुजरात को 24,716 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ। इनमें से अकेले अहमदाबाद ने 23,699 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शहर वैश्विक स्तर के कारोबारी केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।

गांधीनगर 590 करोड़ रुपये के निवेश के साथ दूसरे स्थान पर रहा। गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण उत्प्रेरक भूमिका निभा रही है। इसके अलावा खेड़ा, कच्छ, मेहसाणा, पंचमहल, राजकोट, सूरत, सुरेंद्रनगर, वडोदरा, आनंद और नवसारी जैसे जिलों ने भी विदेशी निवेश हासिल करने में सफलता प्राप्त की है।

विशेष रूप से अप्रैल 2000 से दिसंबर 2025 तक के 25 वर्षों में गुजरात को कुल 3,91,613 करोड़ रुपये का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है। यह देश में आए कुल विदेशी निवेश का 15 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है। राज्य सरकार द्वारा किए गए बुनियादी ढांचा विकास कार्यों तथा गिफ्ट सिटी और धोलेरा एसआईआर जैसी परियोजनाओं के कारण आने वाले वर्षों में निवेश बढ़ने की व्यापक संभावना जताई जा रही है।

राज्य सरकार की निवेशक-अनुकूल नीतियों के चलते निवेशकों ने सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर, फार्मास्यूटिकल्स और रक्षा जैसे भविष्य उन्मुख क्षेत्रों में विशेष रुचि दिखाई है। उद्योग जगत के दिग्गज भी गुजरात सरकार की सक्रिय और प्रगतिशील नीतियों की सराहना कर रहे हैं। मजबूत आधारभूत संरचना और कारोबार करने में सुगमता के कारण राज्य में पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ उभरते क्षेत्रों में भी बड़े अवसर विकसित हुए हैं।

गुजरात सरकार इस निवेश गति को बनाए रखने और भविष्य में एफडीआई प्रवाह के मामले में देश में शीर्ष स्थान हासिल करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। राज्य का निवेश-अनुकूल वातावरण और नई औद्योगिक नीतियां आने वाले समय में रोजगार के अधिक अवसर पैदा करने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली हैं।

Articles you may like: