🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

क्या 18 मई को महेंद्र सिंह धोनी लेंगे संन्यास? बढ़ी अटकलें

मोहम्मद कैफ के बयान से तेज हुई चर्चा, चेन्नई में आखिरी मैच की संभावना।

चेन्नई : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को अब तक मैदान पर नहीं देखा गया है और यही बात उनके भविष्य को लेकर अटकलों को तेज कर रही है। चोट के कारण बाहर चल रहे इस अनुभवी खिलाड़ी को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने बड़ा बयान दिया है जिससे यह चर्चा और तेज हो गई है कि क्या यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।

18 मई को हो सकता है धोनी का आखिरी मैच

मोहम्मद कैफ का मानना है कि 18 मई को चेन्नई में होने वाला चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मुकाबला महेंद्र सिंह धोनी का अंतिम मैच हो सकता है। उन्होंने कहा की चेन्नई ने 10 मैच खेल लिए हैं लेकिन धोनी एक भी मैच में नहीं उतरे। मुझे लगता है कि 18 मई का घरेलू मैच उनका आखिरी हो सकता है और उसी मैच के बाद वे सभी को अलविदा कह सकते हैं।

दरअसल वर्ष 2021 में महेंद्र सिंह धोनी ने कहा था कि वे अपना अंतिम आईपीएल मैच चेन्नई में दर्शकों के सामने खेलना चाहते हैं। अब 18 मई को चेन्नई का आखिरी घरेलू मैच होने के कारण यह कयास और मजबूत हो गया है।

चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर

महेंद्र सिंह धोनी इस पूरे सीजन में चोट के चलते एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। उन्हें पिंडली (काफ मसल) में चोट लगी थी जिसके कारण वे चेन्नई में ही पुनर्वास (रीहैब) कर रहे हैं। यहां तक कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के लिए भी वे टीम के साथ यात्रा नहीं कर सके। 44 वर्षीय धोनी को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही चोट लग गई थी जिससे वे पूरे सत्र में मैदान से दूर रहे।

धोनी के आंकड़े और टीम की स्थिति

आईपीएल करियर में महेंद्र सिंह धोनी ने 278 मैच खेले हैं और 5439 रन बनाए हैं। उनका औसत 38.30 रहा है। उनके नाम 24 अर्धशतक और 264 छक्के दर्ज हैं। उनकी अनुपस्थिति में चेन्नई सुपर किंग्स की विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन संभाल रहे हैं।

दिल्ली के खिलाफ जीत से चेन्नई को बढ़त

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में चेन्नई ने धीमी पिच पर शानदार गेंदबाजी करते हुए जीत दर्ज की। 11 ओवर के भीतर दिल्ली का स्कोर 69/5 हो गया था। समीर रिजवी ने 40 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन टीम 156/7 से आगे नहीं बढ़ सकी।

जवाब में शुरुआत धीमी रही लेकिन संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 87 रन बनाकर नाबाद रहे। कार्तिक शर्मा ने 41 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। इस जीत के साथ चेन्नई ने अपने पिछले चार मैचों में तीन जीत दर्ज की हैं।

आगे का रास्ता आसान नहीं

अंक तालिका में चेन्नई सुपर किंग्स फिलहाल छठे स्थान पर है। टीम ने 10 में से 5 मैच जीते हैं और 5 हारे हैं। वे अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बने हुए हैं।

आगामी दो मुकाबले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हैं-पहला चेन्नई में और दूसरा लखनऊ में। ये दोनों मैच तय कर सकते हैं कि चेन्नई प्लेऑफ में जगह बना पाएगी या नहीं।

Articles you may like:

Election