रायपुर : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में एक अहम मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है क्योंकि वे टीम के साथ रायपुर नहीं गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले मैच से पहले यह स्थिति टीम के लिए चिंता का कारण बन गई है।
टीम के साथ नहीं गए हार्दिक, स्थिति अब भी अस्पष्ट
जब मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर के लिए रवाना हुई तब हार्दिक पांड्या उनके साथ नहीं थे। वे पिछले मैच में भी नहीं खेले थे क्योंकि उनकी पीठ में समस्या बताई गई थी। अभी तक उनकी वापसी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
एक रिपोर्ट के अनुसार इस समय ऐसा कोई संकेत नहीं है कि हार्दिक पांड्या मैच से पहले टीम के साथ जुड़ेंगे हालांकि इस बारे में आधिकारिक रूप से भी कुछ निश्चित नहीं कहा जा रहा है। टीम प्रबंधन की ओर से इसे केवल फिटनेस से जुड़ी समस्या बताया गया है और इससे अधिक कुछ नहीं कहा गया है।
साथी खिलाड़ी के बयान से बढ़ी उलझन
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक पांड्या नहीं खेले थे। उस मैच में जीत के बाद उनके साथी खिलाड़ी रयान रिकेलटन ने कहा की मुझे तो पता ही नहीं था कि उनकी पीठ में समस्या है। मैच के दिन दोपहर में पहली बार यह बात सुनी। चोट कितनी गंभीर है यह भी नहीं जानता। उम्मीद है कि वे जल्द ही टीम में लौटेंगे।
इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि टीम के भीतर भी इस मामले को लेकर पूरी स्पष्टता नहीं है।
फॉर्म और कप्तानी-दोनों पर सवाल
इस सीजन में हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने 8 मैचों में केवल 146 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भी वे प्रभावी नहीं दिखे और सिर्फ 4 विकेट ही हासिल कर पाए जबकि उन्होंने काफी रन भी खर्च किए हैं।
कप्तान के रूप में उनके फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि टीम उनके नेतृत्व से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मुंबई इंडियंस के सामने मुश्किल हालात
अंक तालिका में मुंबई इंडियंस की स्थिति कमजोर बनी हुई है। 10 मैचों में टीम ने केवल 3 जीत दर्ज की है जिससे प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बेहद कम हो गई है।
आने वाले तीनों मुकाबले टीम को घर से बाहर खेलने हैं-रायपुर, धर्मशाला और कोलकाता में। अगर टीम सभी मैच जीत भी लेती है तो वह अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच पाएगी, लेकिन खराब नेट रन रेट एक बड़ी बाधा बना हुआ है।
कुल मिलाकर एक ओर कप्तान की अनुपस्थिति और अनिश्चितता दूसरी ओर टीम का खराब प्रदर्शन-इन दोनों कारणों से मुंबई इंडियंस इस समय दबाव में नजर आ रही है।