🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पंजाब की लगातार तीसरी हार, काम नहीं आया कूपर कोनोली का तूफान, प्लेऑफ के करीब SRH

सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रनों से हराकर IPL 2026 प्लेऑफ क्वालीफिकेशन की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। कूपर कोनोली ने पंजाब के लिए शतक लगाया।

By लखन भारती

May 07, 2026 00:50 IST

सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रनों से हरा दिया है। यह IPL 2026 सीजन में पंजाब टीम की लगातार तीसरी हार है। ये वही टीम है, जो पहले सात मुकाबलों में एक भी नहीं हारी थी। कूपर कोनोली अंत तक लड़ते रहे, लेकिन उनकी 107 रनों की शतकीय पारी पंजाब को जीत नहीं दिला पाई।

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में SRH की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235 रन बनाए थे। ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने दमदार अर्धशतक लगाए, लेकिन उन्हें कई जीवनदान भी मिले। हैदराबाद को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में पंजाब टीम की खराब फील्डिंग का भी बड़ा हाथ रहा।

काम नहीं आया कूपर कोनोली का शतक

पंजाब 236 रनों के विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने आई पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि 4 रन के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके थे। कूपर कोनोली पारी के दूसरे ओवर में बैटिंग करने आ गए थे, उन्होंने अंत तक लड़ाई लड़ी और 59 गेंद में 107 रनों की पारी खेल नाबाद लौटे। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 8 छक्के लगाए।

कूपर चाहे पंजाब को जीत ना दिला पाए हों, लेकिन उन्होंने शतक ना लगाया होता तो पंजाब का नेट रन रेट धड़ाम से नीचे गिर गया होता। कप्तान श्रेयस अय्यर भी फ्लॉप रहे, जो सिर्फ 5 रन बना पाए। मार्कस स्टोइनिस ने 28 रन और सूर्यांश शेडगे ने 25 रनों का योगदान दिया, लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज कोनोली का साथ नहीं दे पाया।

पंजाब की लगातार तीसरी हार

यह पंजाब किंग्स की सीजन में लगातार तीसरी हार है। वह बहुत लंबे अरसे से टेबल के टॉप पर बनी हुई थी, लेकिन अब सनराइजर्स हैदराबाद ने अब पहले स्थान पर कब्जा जमा लिया है। दूसरी ओर हैदराबाद की टीम ने प्लेऑफ की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं, क्योंकि उसके 14 अंक हो गए हैं। SRH के तीन मुकाबले बचे हैं, जिनमें एक जीत भी उसकी प्लेऑफ में जगह लगभग सुनिश्चित कर देगी।

Articles you may like: