चंडीगढ़ : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में पंजाब किंग्स ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा, टीम की लय बिगड़ती चली गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम लगातार हार झेल रही है और अब अंक तालिका में शीर्ष स्थान भी उसके हाथ से निकल चुका है।
5 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 रन की हार ने पंजाब को लगातार तीसरी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 4 विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में पंजाब की शुरुआत से ही मुश्किलें बढ़ गईं और टीम 20 ओवर में 202 रन तक ही पहुंच सकी।
हालांकि टीम की हार के बीच कूपर कोनॉली ने अकेले संघर्ष जारी रखा। उन्होंने अंतिम गेंद तक लड़ते हुए नाबाद 107 रन बनाए लेकिन दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण उनकी शानदार पारी भी पंजाब को हार से नहीं बचा सकी।
फील्डिंग की गलतियों ने बिगाड़ा मैच
मुकाबले के बाद हार की वजह पर बात करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि मैच पहली पारी में ही काफी हद तक हाथ से निकल गया था। उनके अनुसार टीम की खराब फील्डिंग सबसे बड़ी वजह रही।
श्रेयस ने कहा की मुझे लगता है कि लक्ष्य जरूरत से ज्यादा बड़ा हो गया था। हमने शुरुआत में कई आसान कैच छोड़ दिए। अगर हमारी फील्डिंग बेहतर होती तो हम कम से कम 30 से 40 रन रोक सकते थे।
उन्होंने आगे कहा की जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा पिच धीमी होती चली गई। कट्टर गेंदें बल्ले पर सही तरह से नहीं आ रही थीं इसलिए रन बनाना मुश्किल हो गया था। लेकिन सिर्फ पिच को दोष नहीं दिया जा सकता। फील्डिंग, गेंदबाजी और बल्लेबाजी- किसी भी विभाग में हम अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे सके। दूसरी ओर हैदराबाद ने शुरुआत से अंत तक काफी संतुलित क्रिकेट खेली। उन्होंने दिखा दिया कि मैच जीतने के लिए किस तरह खेलना चाहिए।
लगातार हार के बावजूद आत्मविश्वास बरकरार
टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में पंजाब शानदार फॉर्म में दिखाई दे रही थी लेकिन लगातार तीन हार ने टीम के आत्मविश्वास को झटका दिया है। इसके बावजूद श्रेयस अय्यर ने साफ किया कि टीम नकारात्मक सोच में डूबना नहीं चाहती।
पंजाब के कप्तान ने कहा की इस टूर्नामेंट में हमारी शुरुआत किसी सपने जैसी थी। टीम का हर खिलाड़ी आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ खेल रहा था। अब सबसे जरूरी बात यही है कि हम उस भरोसे को बनाए रखें। खराब समय आने पर नकारात्मक सोच में बहना सही नहीं होगा। पिछले तीन मैचों में हमने कहां गलतियां कीं यह समझकर और मजबूत वापसी करना ही हमारा लक्ष्य है।
कूपर कोनॉली की जमकर तारीफ
टीम की हार के बावजूद कूपर कोनॉली की बल्लेबाजी ने सभी का ध्यान खींचा। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी युवा बल्लेबाज की मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास की सराहना की।
उन्होंने कहा की कूपर वास्तव में शानदार खिलाड़ी हैं। मैदान पर उनका आत्मविश्वास और लड़ने का जज्बा साफ दिखाई देता है। टीम के कई खिलाड़ियों को उनसे सीखने की जरूरत है। दबाव की स्थिति में जिम्मेदारी कैसे उठाई जाती है यह उन्होंने कई बार साबित किया है। पहले भी ऐसा कर चुके हैं और आज फिर उन्होंने वही दिखाया।