नई दिल्ली : देश के निजी क्षेत्र के बड़े बैंक कोटक महिंद्रा बैंक को भारतीय रिजर्व बैंक से एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में निवेश की मंजूरी मिल गई है। बैंक ने गुरुवार को शेयर बाजार को जानकारी देते हुए बताया कि कोटक महिंद्रा बैंक और उसके समूह की कंपनियां मिलकर एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेंगी।
कोटक महिंद्रा समूह के अंतर्गत म्यूचुअल फंड कारोबार भी शामिल है। समूह संयुक्त रूप से यह हिस्सेदारी खरीदेगा। इससे एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में कोटक समूह का बड़ा निवेश हो जाएगा।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने बताया कि मार्च 2026 तक कोटक फ्लेक्सीकैप फंड की बैंक में 1.60 प्रतिशत हिस्सेदारी पहले से मौजूद है। इस फंड के पास बैंक के 1 करोड़ 19 लाख 97 हजार 824 शेयर हैं। इसके अलावा एचडीएफसी, निप्पन लाइफ, इनवेस्को और डीएसपी जैसी बड़ी निवेश कंपनियों के फंड का भी इस बैंक में निवेश है।
इस घोषणा के बाद गुरुवार को एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया और शेयर लगभग स्थिर स्तर पर कारोबार करता रहा। दूसरी ओर कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में 1 प्रतिशत से कम की बढ़त दर्ज की गई और इसका भाव 378 रुपये तक पहुंच गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा। जनवरी से मार्च 2026 के दौरान बैंक का शुद्ध लाभ 832 करोड़ रुपये रहा जो पिछले वर्ष की तुलना में 65 प्रतिशत अधिक है। वहीं तीसरी तिमाही के मुकाबले चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बैंक की शुद्ध ब्याज आय भी सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़ी है।