🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कोलकाता पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कौन होगा बंगाल का मुख्यमंत्री? दोपहर के बाद बैठक में करेंगे तय

विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा की एक उच्च स्तरीय बैठक होने वाली है। इसमें बंगाल में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले लोगों के नाम पर मुहर लगेगी।

By Moumita Bhattacharya

May 08, 2026 12:35 IST

कल पश्चिम बंगाल में नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने वाला है। उससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) कोलकाता पहुंच गए हैं। शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे वह कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरे।

वहां से वह सीधे दक्षिणेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य (Shamik Bhattacharya) भी मौजूद थे।

सभी ने दक्षिणेश्वर के काली मंदिर में दर्शन और पूजा की। दोपहर को विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा की एक उच्च स्तरीय बैठक होने वाली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में बंगाल में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले लोगों के नाम पर मुहर लगेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।

शनिवार सुबह ब्रिगेड परेड मैदान में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। वहां गृह मंत्री के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के भी उपस्थित रहने की संभावना जतायी जा रही है।

Read Also | बाधाओं को पार करते हुए सत्य और साहस के मार्ग पर आगे बढ़ता 'एई समय'

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार अमित शाह पहले न्यू टाउन के एक होटल में जाएंगे जहाँ वह भाजपा के विजयी उम्मीदवारों के साथ बैठक से पहले दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि वे रात का विश्राम भी न्यू टाउन के उसी स्थित होटल में करेंगे। शनिवार सुबह उनका वहां से ब्रिगेड परेड मैदान में रवाना होने का कार्यक्रम है।

नियमानुसार विधायक दल का नेता ही अगली सरकार का मुख्यमंत्री बनता है। इस नेता के चयन में पर्यवेक्षक की भूमिका केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह निभा रहे हैं। इस कार्य में उनके सहायक के रूप में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इसके साथ ही संभावित मंत्रिमंडल कैसा होगा, इस पर भी शुक्रवार को होने वाली पार्टी की बैठक में चर्चा होने की संभावना है।

बताया जाता है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पार्टी के प्रदेश महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो, सौमित्र खान और राज्य सचिव शंकर घोष समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर का दौरा किया और वहां चल रही सभी तैयारियों की समीक्षा की थी।

Articles you may like: