कोलकाताः भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली लगने से मौत के बाद मध्यमग्राम स्थित अस्पताल के बाहर भावुक माहौल देखने को मिला। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुटे हुए थे। इसी दौरान बरानगर से विजयी भाजपा उम्मीदवार सजल घोष भी वहां पहुंचे।
सजल घोष के अस्पताल पहुंचते ही कुछ समर्थकों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसे देखकर सजल घोष नाराज हो गए और उन्होंने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि एक युवक की मौत हुई है और ऐसे समय में नारेबाजी करना उचित नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सजल घोष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यहां नारे लगाने की जरूरत नहीं है क्योंकि इंसान की जान गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांत रहने और स्थिति की गंभीरता समझने की सलाह दी। कुछ समर्थक अपनी भावनाएं व्यक्त करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन सजल घोष ने शोक के माहौल में इस तरह के नारों पर आपत्ति जताई।
बुधवार रात चंद्रनाथ रथ को गोली लगने की खबर सामने आते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मध्यमग्राम के अस्पताल पहुंचे। भाजपा नेता शंकर घोष, अभिनेता और नेता रुद्रनील घोष तथा केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत कई नेता वहां मौजूद रहे। शुभेंदु अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे थे।
अस्पताल के भीतर कुछ समय बिताने के बाद शुभेंदु अधिकारी और सुकांत मजूमदार बाहर निकले। उनके पीछे सजल घोष भी अस्पताल परिसर से बाहर आए। उसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिस पर सजल घोष ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कार्यकर्ताओं को डांटते हुए शांत रहने को कहा।