शुभेंदु अधिकारी के सहायत (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या में इस्तेमाल हुई गाड़ी का नंबर प्लेट और चेसिस नंबर सवालों के घेरे में है। प्राथमिक तौर पर पता चला है कि अपराधियों ने अपनी गाड़ी में जिस नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था वह फर्जी था।
अब उस नंबर प्लेट की असली गाड़ी के बारे में जानकारी मिली है। यह गाड़ी सिलीगुड़ी की है जिसके मालिक का नाम विलियम जोसेफ है। पुलिस ने उक्त व्यक्ति से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
बुधवार की रात को मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके के सामने चंद्रनाथ रथ (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। गाड़ी का ड्राईवर बुद्धदेव बेरा अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल सू्त्रों के हवाले से दावा किया गया है कि उनकी हालत भी काफी गंभीर बनी हुई है।
Read Also | लंबी रेकी के बाद ही शुभेंदु के सहायक पर किया गया हमला, STF-CID-IB की SIT गठित
बुधवार की रात को दोहारिया में चंद्रनाथ रथ के फ्लैट तक पहुंचने वाली गली के सामने ही उन्हें गोली मारी गयी। एक छोटी गाड़ी से पहले उनका रास्ता रोका गया और बाद में अंधाधुंध गोलीबारी की गयी। चंद्रनाथ रथ का सीना छलनी कर दिया गया था। मामले की जांच के दौरान पता चला कि चंद्रनाथ रथ की गाड़ी के सामने जो गाड़ी आकर रुकी उसका नंबर प्लेट फर्जी था।
जांच में पता चला कि वह गाड़ी सिलीगुड़ी के RTO में रजिस्टर्ड है। मालिक का नाम विलियम जोसेफ बताया जाता है। माटीगाड़ा थाना ने विलियम को बुलाकर उससे पूछताछ भी की।
विलियम जोसेफ ने क्या कहा?
मीडिया से बात करते हुए विलियम जोसेफ ने बताया कि रात को करीब 12 बजे मेरे पास फोन आया। मुझसे पूछा गया कि मैं कहां हूं और मेरी गाड़ी कहां है? मैंने बताया कि मैं सिलीगुड़ी में हूं। तब मुझसे बताया गया कि मेरी गाड़ी का फर्जी नंबर प्लेट इस्तेमाल कर एक मर्डर किया गया है।
Read Also | नोआपाड़ा में फिर चली गोलियां! BJP नेता कुंदन सिंह के घर पर बदमाशों का हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
तुरंत गाड़ी की फोटो और अन्य जानकारियां विस्तार से भेजने के लिए कहा गया। मैंने भेजा। इसके बाद ही सिलीगुड़ी कमिश्नरेट से फोन आया। पुलिस मेरे घर आकर मेरी गाड़ी को थाना में ले गयी। रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर की जांच की गयी और बाद में छोड़ भी दिया।
लेकिन उनकी गाड़ी का नंबर कैसे इस्तेमाल किया गया?
इस बारे में विलियम जोसेफ का कहना है कि 1-2 सप्ताह पहले गाड़ी को बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन दिया था। उन्होंने बताया कि उस गाड़ी के नंबर प्लेट को लेकर ही विवाद शुरू हो गया है। जोसेफ विलियम ने मीडिया से बताया कि वहीं से गाड़ी के नंबर प्लेट की नकल करके इस घटना को अंजाम दिया गया होगा। उन्होंने जांच में पुलिस को सभी प्रकार से सहायता करने की बात भी कही है।
वहीं दूसरी तरफ हत्याकांड में इस्तेमाल हुई एक बाइक को भी कोलकाता से बरामद कर लिया गया है।