शुभेंदु अधिकारी का सहायक - चंद्रनाथ रथ, जिसे बुधवार की देर रात को अपराधियों ने गोलियों ने छलनी कर दिया। पूर्व मिदनापुर के चंडीपुर थाना के कुलुप का रहने वाला चंद्रनाथ रथ। बुधवार की देर रात को जैसे ही घर पर हत्या की खबर पहुंची परिवार पर मानो आसमान टूट कर गिर पड़ा।
आस-पड़ोस के लोग इस बात पर यकीन ही नहीं कर पा रहे हैं कि उनके प्यारे चंद्र की ऐसी निर्मम हत्या हो सकती है। मां हांसीरानी भी पथरा सी गयी है। वह बार-बार बस एक ही बात कह रही हैं, दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में मां ने आरोप लगाते हुए कहा कि बेटा भवानीपुर-नंदीग्राम में चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहा था। इसलिए प्रतिशोध की राजनीति के तहत उसे बलि चढ़ना पड़ा।
Read Also | चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: क्या शुभेंदु अधिकारी थे टारगेट? जांच में उठे कई सवाल
शुभेंदु अधिकारी के लंबे समय के साथी
रहड़ा रामकृष्ण मिशन का छात्र रहे चंद्रनाथ रथ ने माध्यमिक की परीक्षा में शानदार रिजल्ट किया था। बचपन के दोस्तों और इलाके के लोगों का कहना है कि उसके जैसा देशभक्त मिलना बहुत ही मुश्किल है। बचपन से ही देशसेवा करने की चाहत रखने वाले चंद्रनाथ रथ ने भारतीय वायुसेना में शामिल हुआ था लेकिन पूर्ण समय के लिए नहीं बल्कि शॉर्ट टर्म सर्विस में।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार वायु सेना से अवकासप्राप्त करने के बाद से चंद्रनाथ ने शुभेंदु अधिकारी के साथ काम करना शुरू कर दिया था। जिस समय वह तृणमूल नेता थे चंद्रनाथ तभी से उनसे जुड़ा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार शुभेंदु अधिकारी के भाजपा में शामिल होने के बाद भी वह लगातार उनके साथ काम करते रहे। बताया जाता है कि चंद्रनाथ रथ काम के सिलसिले में मध्यग्राम के एक फ्लैट में रहते थे। बुधवार की रात को वह उसी फ्लैट पर वापस लौट रहे थे जब उनकी गाड़ी को घेरकर अपराधियों ने अंधाधुंध गोली चलायी जिसमें उनकी मौत हो गयी।
Read Also | लंबी रेकी के बाद ही शुभेंदु के सहायक पर किया गया हमला, STF-CID-IB की SIT गठित
मां ने क्या कहा?
अपने बेटे को खोने के शोक में पथरा चुकी हांसीरानी का कहना है कि वह नहीं चाहती कि किसी भी मां की गोद सूनी हो। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं एक मां हूं। मैं नहीं चाहती कि उनलोगों को फांसी हो लेकिन मैं चाहती हूं कि आजीवन कारावास हो।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव से पहले तृणमूल के नेताओं ने काफी गर्मी दिखायी थी। उसका परिणाम ही अभी मिल रहा है। उन्होंने कहा था कि 4 तारीख के बाद दिल्ली का कोई रक्षा नहीं कर पाएगा। उनलोगों ने यह कर दिखाया।
गौरतलब है कि इस घटना की जांच के लिए STF, CID और IB ने SIT गठित की है। जांच में जुटी पुलिस का अनुमान है कि किसी अन्य राज्य से शार्प शुटर लाकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। अपराधियों की खोज में CID की टीम दूसरे राज्यों में छापेमारी करने जाने वाली है। एयरपोर्ट के सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है। संभावना है कि फ्लाइट से अपराधी दूसरे राज्य में भाग सकते हैं। गंभीर रूप से घायल उनके ड्राईवर बुद्धदेव बेरा का इलाज चल रहा है।