गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी मैदान में होने वाले एनडीए 3.0 सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। यह पहली बार है जब भारतीय जनता पार्टी ने असम में अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया है।
असम मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा जानकारी में बताया गया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस ऐतिहासिक समारोह के सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बुधवार को हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया था। विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद राज्य में लगातार तीसरी बार गठबंधन सरकार बनने जा रही है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चुनाव परिणामों के बाद जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विकास की राजनीति पर लोगों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर असम में विकास की गति को आगे बढ़ाएंगी।
असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद पार्टी नेताओं ने इसे ऐतिहासिक जनादेश बताया है। गोलाघाट सीट से निर्वाचित भाजपा नेता अजंता नेओग ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई स्पष्ट रणनीति नहीं है और पार्टी लगातार चुनावी हार से सबक लेने में विफल रही है।
अजंता नेओग ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने राज्य की 140 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की है। उन्होंने इसे स्वतंत्रता के बाद असम की सबसे बड़ी चुनावी जीतों में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 के बाद से कांग्रेस राज्य में हुए हर चुनाव में हार का सामना कर रही है लेकिन इसके बावजूद पार्टी ने अपनी राजनीतिक कमजोरियों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने इस जीत के लिए असम की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।