कोलकाताः गुरुवार दोपहर अचानक कोलकाता में आए तेज़ तूफान और बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। ब्लू लाइन मेट्रो मार्ग पर पेड़ गिरने के कारण मेट्रो सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित रहीं, जबकि कई प्रमुख सड़कों पर भी यातायात बाधित हो गया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेट्रो सूत्रों के अनुसा, डाउन लाइन पर पेड़ गिरने की वजह से मैदान स्टेशन से शहीद खुदीराम स्टेशन तक मेट्रो परिचालन रोकना पड़ा। हालांकि उस दौरान दक्षिणेश्वर से टॉलीगंज स्टेशन तक सेवाएं सीमित रूप में चलाई जा रही थीं। वहीं कई यात्रियों का कहना था कि मेट्रो केवल दक्षिणेश्वर से मैदान स्टेशन तक ही आंशिक रूप से संचालित हो रही थी।
मेट्रो कर्मचारियों ने तेज़ी से काम करते हुए ट्रैक से अवरोध हटाया, जिसके बाद करीब चार बजे ब्लू लाइन पर सेवाएं फिर सामान्य हो सकीं। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। इसके साथ चल रही तेज़ हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। टॉलीगंज यानी महानायक उत्तम कुमार स्टेशन और नेताजी स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर पेड़ गिरने से मेट्रो सेवाएं अचानक रुक गईं। व्यस्त समय में मेट्रो प्रभावित होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
दूसरी ओर दक्षिण कोलकाता के कई इलाकों में सड़कों पर पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो गई। गड़िया से टॉलीगंज जाने वाला मार्ग बंद होने के कारण बसों और अन्य वाहनों को मालंच सिनेमा हॉल के पास से डायवर्ट किया गया। इससे सड़क मार्ग से सफर कर रहे लोगों को भी लंबा जाम और देरी का सामना करना पड़ा।
एक तरफ खराब मौसम और दूसरी ओर मेट्रो की आंशिक सेवा ने शहर की यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। कई प्रमुख मार्ग बंद होने और ट्रैफिक जाम के चलते शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचना यात्रियों के लिए बेहद कठिन हो गया।