नई दिल्लीः नई दिल्ली में केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) ने फ्रांस के उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री फिलिप बैप्टिस्ट(Philippe Baptiste) के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। यह बातचीत वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
बैठक में भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और फ्रांस की प्रमुख वैज्ञानिक संस्थाओं के बीच साझेदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने माना कि तकनीकी सहयोग भविष्य में नवाचार और शोध के नए अवसर खोलेगा।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच विज्ञान और अंतरिक्ष सहयोग अब द्विपक्षीय संबंधों का एक मजबूत स्तंभ बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी केवल तकनीकी विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दोनों देशों के बीच लोगों के संबंधों को भी मजबूत कर रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को “इंडो-फ्रेंच ईयर ऑफ इनोवेशन” घोषित किया गया है, जो उभरते क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देगा।
फ्रांसीसी मंत्री फिलिप बैप्टिस्ट ने भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और भरोसेमंद साझेदार बताया। उन्होंने “स्पेस फॉर ओशन अलायंस” के तहत समुद्री डेटा साझा करने में सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा।
बैप्टिस्ट ने भारत को सितंबर 2026 में पेरिस में होने वाले इंटरनेशनल स्पेस समिट में भाग लेने का निमंत्रण दिया और सुझाव दिया कि इसे भारत के बेंगलुरु में आयोजित होने वाले अंतरिक्ष कार्यक्रम के साथ जोड़कर एक वैश्विक सहयोग मंच बनाया जाए।