मुंबई : देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने शुक्रवार को पिछले वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही के नतीजे जारी किए। बैंक ने इस दौरान मुनाफे में बढ़ोतरी दर्ज की है। साथ ही शेयरधारकों के लिए लाभांश देने की भी घोषणा की गई है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया प्रत्येक शेयर पर 17 रुपये 35 पैसे का लाभांश देगा। इसके लिए 16 मई को रिकॉर्ड तिथि तय की गई है। यानी 16 मई तक जिन निवेशकों के पास बैंक के शेयर होंगे उन्हें उसी आधार पर लाभांश मिलेगा।
उदाहरण के तौर पर यदि किसी निवेशक के पास 16 मई को स्टेट बैंक के 100 शेयर हैं तो उसे 1735 रुपये का लाभांश प्राप्त हो सकता है। बैंक की ओर से यह राशि 4 जून को शेयरधारकों के खातों में भेजी जाएगी।
यह पहली बार नहीं है जब देश के सबसे बड़े बैंक ने अपने शेयरधारकों को लाभांश देने की घोषणा की हो। इससे पहले भी बैंक नियमित रूप से लाभांश देता रहा है। मई 2025 में भी बैंक ने लाभांश की घोषणा की थी। वर्ष 2011 से अब तक यह सरकारी बैंक 24 बार लाभांश दे चुका है।
वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही यानी जनवरी से मार्च 2026 के दौरान बैंक का शुद्ध लाभ बढ़कर 19 हजार 683 करोड़ रुपये हो गया। यह एक साल पहले की तुलना में 5.6 प्रतिशत अधिक है।
इसी अवधि में बैंक की शुद्ध ब्याज आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह आय पिछले वर्ष की तुलना में 4.1 प्रतिशत बढ़कर 44 हजार 380 करोड़ रुपये पहुंच गई।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का कुल शुद्ध लाभ 80 हजार 32 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 12.88 प्रतिशत अधिक है। वहीं बैंक का परिचालन लाभ भी 11.25 प्रतिशत बढ़कर 1 लाख 23 हजार 15 करोड़ रुपये हो गया।