नई दिल्ली : घरों में रसोई गैस खत्म होने की चिंता से बचने के लिए लोग पहले ही एलपीजी सिलेंडर बुक कर लेते हैं लेकिन बुकिंग के बाद सबसे बड़ी परेशानी यह रहती है कि सिलेंडर की डिलीवरी कब होगी। कई बार समय पर जानकारी नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब डिजिटल सेवाओं की मदद से घर बैठे स्मार्टफोन पर ही सिलेंडर की डिलीवरी स्थिति आसानी से पता की जा सकती है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Indian Oil Corporation Limited) के इंडेन गैस उपभोक्ता व्हाट्सऐप और मोबाइल ऐप के जरिए अपने सिलेंडर की स्थिति जान सकते हैं। इसके लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से 7588888824 पर ‘STATUS’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद सिलेंडर की मौजूदा स्थिति और संभावित डिलीवरी समय की जानकारी मिल जाएगी। इसके अलावा ‘इंडियनऑयल वन’ ऐप में लॉग-इन करके भी डिलीवरी ट्रैक की जा सकती है।
एचपी गैस (HP Gas) के ग्राहकों के लिए भी विशेष व्हाट्सऐप सेवा उपलब्ध है। उपभोक्ता 9222201122 नंबर पर ‘Hi’ भेजकर मेनू में ‘Booking Status’ विकल्प चुन सकते हैं। इसके जरिए अगली डिलीवरी की तारीख की जानकारी मिल जाती है। साथ ही 'एचपी पे ऐप' के जरिए भी सिलेंडर डिलीवरी को ट्रैक किया जा सकता है।
भारतगैस (Bharatgas) के उपभोक्ता भी व्हाट्सऐप सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक नंबर 1800224344 पर संदेश भेजकर बुकिंग अपडेट प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा रिफिल बुकिंग के बाद मिलने वाले एसएमएस में ट्रैकिंग लिंक भी दिया जाता है जिससे डिलीवरी की स्थिति देखी जा सकती है।
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं के लिए कुछ जरूरी सुझाव भी दिए हैं। हमेशा उसी मोबाइल नंबर से संदेश भेजें या कॉल करें जो गैस कनेक्शन से जुड़ा हुआ है। डिलीवरी के समय उपभोक्ता के मोबाइल पर एक ओटीपी या डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड भेजा जाता है। यह कोड डिलीवरी कर्मी को बताने के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी पूरी मानी जाती है।
इसके अलावा ऑनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को कई बार डिलीवरी अपडेट जल्दी और आसानी से मिल जाते हैं। डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते उपयोग से अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जानकारी लेना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है।