पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए शुभेंदु अधिकारी को चुना गया है। आज विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और भवानीपुर और नंदीग्राम से विधायक चुने गए शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी के जीते 207 विधायकों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद दावा किया जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी को बंगाल का अगला मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। इसके साथ ही लगभग 55 सालों बाद ऐसा हुआ कि किसी जिले के नेता को बंगाल के मसनद पर बैठाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करते हुए कहा, "हमारे पास एक ही नाम का प्रस्ताव आया। काफी समय दिया गया था लेकिन किसी और नाम का प्रस्ताव नहीं आया। केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधानमंडल दल का निर्वाचित नेता घोषित करता हूं।"
केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर और सुकांत मजूमदार के साथ ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी इस मौके पर उल्लेखनिय रूप से उपस्थित रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज (8 मई) शाम 6.30 बजे शुभेंदु अधिकारी लोकभवन जाएंगे जहां वह राज्यपाल आर.एन. रवि से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।
पश्चिम मिदनापुर से दूसरी बार बंगाल के मुख्यमंत्री पद पर कोई व्यक्ति बैठने वाला है। इससे पहले अजय मुखर्जी इस पदभार को संभाल चुके हैं।
हालांकि अभी तक उप-मुख्यमंत्री के नाम पर कोई खुलासा नहीं किया गया है। वहीं दूसरी ओर विधानसभा में मुख्यमंत्री के कक्ष के बाहर से तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के नाम का बोर्ड भी हटा दिया गया है।