देश भर में इन दिनों पश्चिम बंगाल सुर्खियों में छाया हुआ है। राजनीतिक वजहों के साथ-साथ अब भाजपा की पहली सरकार के गठन को लेकर यह राज्य एक बार फिर से चर्चाओं में छाया हुआ है। अगर आप भी बंगाल की चर्चाएं सुनकर कोलकाता घूमने की योजना बना रहे हैं तो जरा ध्यान दें।
कोलकाता अपनी सांस्कृतिक विरासत और बंगाली स्टाइल के खाने को लेकर काफी प्रसिद्ध है। यहां खूबसूरत समुद्रतट से लेकर कई ऐतिहासिक स्थल हैं जिसके बारे में लोगों को जरूर पता होना चाहिए।
चलिए आपको बताते हैं कोलकाता के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के बारे में जहां घूमे बिना इस शहर का टूर अधूरा ही माना जाएगा -
विक्टोरिया मेमोरियल
विक्टोरिया मेमोरियल कोलकाता का यहां सबसे प्रसिद्ध टूरिस्ट प्लेस है। यह महारानी विक्टोरिया की स्मृति में निर्मित सफेद संगमरमर से बनी एक प्राचीन इमारत है। इसे अब संग्रहालय बना दिया गया है। इसके ठीक सामने विशाल बागिचा है जहां गर्मियों की शाम को बैठना बहुत अच्छा लगता है। खासतौर पर अगर आप अपने पार्टनर के साथ जा रहे हैं तो यहां किसी तालाब के किनारे बैठकर थोड़ा समय जरूर बिताएं।
अलीपुर चिड़ियाघर
कोलकाता में घूमने की सबसे पुरानी जगहों में अलीपुर का चिड़ियाघर भी शामिल है। यह भारत का सबसे पुराना टूरिस्ट प्लेस है। यहां आपको रॉयल बंगाल टाइगर, अफ्रीकी शेर एशियाई शेर, हाथी, गैंडा, दरियाई घोड़े और जगुआर जैसे कई जानवर देखने को मिलेंगे।
हालांकि गर्मियों के मौसम में यहां घूमना थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है। इसलिए आप यहां जाने की योजना बनाएं तो छाता, टोपी और सनस्क्रीन जरूर लेकर जाएं। आप चाहे तो न्यू टाउन के हरिणालय में भी जाने की योजना बना सकते हैं। यह कोलकाता का नया चिड़ियाघर है।
दक्षिणेश्वर काली मंदिर
कोलकाता जा रहे हैं तो दक्षिणेश्वर काली मंदिर के दर्शन के लिए जरूर जाएं। रोजाना यहां लाखों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यह मंदिर हुगली नदी के तट पर स्थित है। मंदिर की वास्तुकला बेहद अद्भुत है। इसके साथ ही आप यहां पास में स्थित कालीघाट मंदिर के दर्शन के लिए भी जा सकते हैं। सबसे अच्छी बात है कि दक्षिणेश्वर मंदिर से कालीघाट मंदिर तक आवाजाही करने के लिए आपको बस एक मेट्रो पकड़नी होगी।