पालतू पशुओं को लेकर अपनी फेवरेट जगह पर घूमने के लिए जाना चाहते हैं। लेकिन ट्रेन या फ्लाइट में अपने पालतुओं की सुरक्षा के बारे में सोचकर ही परेशान हैं? दोस्तों की दी हुई सलाह, 'गाड़ी से ही आसपास में कहीं घूमकर आ जाओ' से परेशान हो चुके हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। अब भारतीय रेलवे ने यात्रियों को पालतू पशुओं के साथ आरामदायक ट्रेन सफर का विकल्प उपलब्ध करवाया है।
यात्रा के दौरान आपके प्यारे पालतू पशुओं को अपने पास ही रखने के लिए भारतीय रेलवे ने एसी फर्स्ट क्लास में विशेष व्यवस्था की है। हालांकि इसके नियमों के मुताबिक पालतू के साथ यात्रा करते समय आपको अपने पास कुछ जरूरी कागजातों को रखना होगा और यात्रा से कम से कम एक घंटा पहले स्टेशन पर पहुंचकर कुछ औपचारिकताएं भी पूरी करनी पड़ती है।
हाल ही में शुरू हुई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में भी यह सुविधाएं शुरू की गयी हैं। इस सुविधा के तहत पालतू की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पेट-बॉक्स में रखना पड़ता है लेकिन यात्री उन्हें अपने पास ही रख सकता है।
Read Also | बंद होने वाले हैं देश के इन 4 शहरों के एयरपोर्ट, क्यों? क्या आपकी उड़ान भी हो सकती है प्रभावित?
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को कई निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
कैसे करें पेट बॉक्स की बुकिंग?
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 'पेट बॉक्स' की बुकिंग ऑनलाइन नहीं की जा सकती। इसके लिए यात्रियों को निम्न प्रक्रिया अपनानी होगी :
- ट्रेन के निर्धारित समय से कम से कम 3 घंटे पहले स्टेशन के पार्सल या लगेज ऑफिस में स्वयं उपस्थित होना होगा।
- वहां अपने पालतू जानवर को साथ ले जाकर बुकिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
- पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन होती है और मौके पर जाकर ही पालतू के लिए 'पेट बॉक्स' की बुकिंग की जा सकती है।
आवश्यक दस्तावेज :
कन्फर्म टिकट : यात्री के पास ट्रेन का कन्फर्म टिकट होना अनिवार्य है। RAC या वेटिंग लिस्ट टिकट पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं होती।
फिटनेस सर्टिफिकेट : यात्रा से 24 से 48 घंटे पहले किसी रजिस्टर्ड पशु चिकित्सक से लिया गया स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जमा करना जरूरी है।
टीकाकरण कार्ड : पालतू जानवर के सभी वैक्सीन और टीकाकरण का अपडेटेड रिकॉर्ड साथ रखना अनिवार्य है।
बुकिंग शुल्क :
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के पेट बॉक्स का खर्च पालतू पशु के वजन पर निर्भर करता है। सामान्यतः प्रति किलोग्राम ₹30 की दर से शुल्क लिया जाता है। शुल्क का भुगतान करने के बाद यात्री को एक 'लगेज टिकट' दिया जाता है, जो यात्रा के दौरान प्रमाण के रूप में काम करता है।
ध्यान रखें इन जरूरी नियमों का :
पालतू पशु की स्थिति : इस सुविधा के तहत पालतू जानवर को यात्री के केबिन या सीट के पास रखने की अनुमति नहीं होती। उसे ट्रेन के इंजन के पास स्थित निर्धारित बक्से (पेट बॉक्स) में रखा जाता है।
नॉन-रिफंडेबल शुल्क : एक बार बुकिंग होने के बाद भुगतान की गई राशि वापस नहीं की जाती, भले ही ट्रेन रद्द या देरी से चल रही हो।
बुकिंग की सीमा : सामान्यतः एक PNR के तहत केवल एक ही पालतू जानवर को ले जाने की अनुमति दी जाती है।