🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

शंघाई में विमान हादसा: चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की फ्लाइट जेट ब्रिज से टकराई

लैंडिंग के बाद तकनीकी खराबी के चलते टैक्सी करते समय हुआ हादसा, सभी यात्री सुरक्षित, घटना की जांच जारी

By डॉ. अभिज्ञात

May 02, 2026 20:10 IST

बीजिंग (चीन): शनिवार को चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने उस घटना के लिए माफी मांगी, जिसमें उसकी एक घरेलू उड़ान में लैंडिंग के बाद तकनीकी खराबी आ गई और विमान टैक्सी करते समय जेट ब्रिज से आंशिक रूप से टकरा गया।

एयरलाइन ने चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सिना वीबोपर अपने आधिकारिक अकाउंट के जरिए जारी बयान में बताया कि यह घटना दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत के चेंगदू से शंघाई जा रही उड़ान के साथ हुई। लैंडिंग के बाद जब विमान धीरे-धीरे गेट की ओर बढ़ रहा था, उसी दौरान उसमें तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई।

एयरलाइन के बयान में कहा गया, “आज कंपनी की चेंगदू से शंघाई जा रही एक उड़ान में लैंडिंग के बाद, गेट की ओर धीरे-धीरे टैक्सी करते समय यांत्रिक खराबी आई। क्रू ने तुरंत निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार स्थिति को संभाला, लेकिन अंततः विमान का जेट ब्रिज से आंशिक संपर्क हो गया।”

एयरलाइन ने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें व्यवस्थित तरीके से बाहर निकाला गया। इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल, संबंधित प्राधिकरण और एयरलाइन इस तकनीकी खराबी के सटीक कारण की जांच कर रहे हैं।

बयान में आगे कहा गया, “विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें क्रमबद्ध तरीके से उतारा गया। घटना के कारणों की जांच जारी है। इस घटना से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हम ईमानदारी से क्षमा चाहते हैं।”

चीनी मीडियाग्लोबल टाइम्स के अनुसार, सोशल मीडिया पर कुछ उपयोगकर्ताओं ने दावा किया कि शंघाई के शंघाई होंगकियाओ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डापर उतरे इस विमान का पंख जेट ब्रिज से टकराया, जिससे संरचना को आंशिक नुकसान पहुंचा।

यात्रियों के हवाले से जिमू न्यूज के अनुसार, ‘लियू’ उपनाम वाले एक यात्री ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब विमान अपनी पार्किंग स्थिति में पहुंच रहा था। विमान का अगला हिस्सा निर्धारित रुकने की जगह से थोड़ा आगे निकल गया था।

लियू ने बताया कि केबिन के अंदर बैठे यात्रियों को टकराने की आवाज सुनाई दी और इसके तुरंत बाद विमान के इंजन की थ्रस्ट को उल्टा किया गया। यात्री द्वारा रिकॉर्ड किए गए केबिन डिस्प्ले स्क्रीन के वीडियो में कथित तौर पर यह संकेत मिला कि विमान का बायां हिस्सा जेट ब्रिज से टकराया था।

उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद यात्रियों को लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया, जिसके बाद उन्हें विमान के दूसरी ओर से बाहर निकलने की अनुमति दी गई। लियू के अनुसार एयरलाइन ने प्रत्येक यात्री को 300 युआन यानी लगभग 43.94 अमेरिकी डॉलर का मुआवजा भी दिया।

Articles you may like: