देश के 4 अलग-अलग शहरों के नागरिक एयरपोर्ट जिनकी देखरेख की जिम्मेदारी भारतीय एयर फोर्स संभालती है, को बंद करने का फैसला लिया गया है। इसमें जोधपुर से लेकर श्रीनगर, पुणे और आदमपुर एयरपोर्ट तक शामिल है। लेकिन जरा रुकिए! ये सभी एयरपोर्ट का इस्तेमाल आम नागरिकों के साथ-साथ सेना द्वारा भी किया जाता है।
इन सभी एयरपोर्ट को स्थायी रूप से नहीं बल्कि रखरखाव के लिए अस्थायी रूप से कुछ दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। इन एयरपोर्ट को मुख्य रूप से रनवे की मरम्मत के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। इसमें से सबसे पहले जोधपुर एयरपोर्ट को बंद किया जाएगा।
29 मार्च को बंद होगा जोधपुर एयरपोर्ट
Economic Times की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार नागरिक उड़ानों के लिए जोधपुर एयरपोर्ट को 29 मार्च से अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा। इंडियन एयरफोर्स ने इस एयरपोर्ट के 27 अप्रैल तक बंद रहने का नोटिस जारी किया है। बताया जाता है कि एयरपोर्ट की मरम्मत का काम 3 चरणों में पूरा किया जाएगा जिसमें से पहला चरण मई में पूरा होने की संभावना है। इस वजह से 28 मार्च के बाद एयरलाइंस कंपनी IndiGo, Air India, Air India Express आदि ने टिकट की बुकिंग स्वीकार करना बंद कर दिया है।
Read Also | फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट पहुंचना होगा सुपरफास्ट, 31 किमी लंबा नया ग्रीनफिल्ड एक्सप्रेसवे बदलेगा सफर!
पाकिस्तानी सीमा के पास होने की वजह से इस एयरपोर्ट की मरम्मत और उन्नत बनाना बेहद महत्वपूर्ण रणनीति भी मानी जा रही है।
अगस्त में बंद होगा श्रीनगर एयरपोर्ट
बताया जाता है कि अगस्त से अक्तूबर के मध्य तक श्रीनगर एयरपोर्ट को बंद रखने का फैसला लिया गया है। लेकिन इस एयरपोर्ट को लगातार बंद न रखकर सप्ताहांत में बंद रखा जाएगा। इस दौरान रनवे के रखरखाव का काम पूरा कर लिया जाएगा जबकि सप्ताह के दिनों में उड़ान सेवाएं सामान्य रहने की संभावना जतायी जा रही है।
पुणे में भी रनवे की होगी मरम्मत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसी साल पुणे एयरपोर्ट पर भी रनवे की मरम्मत के लिए ही एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि अभी तक एयरपोर्ट को बंद रखने की तारीखों की घोषणा नहीं की गयी है। एक बार इस बाबत फैसला हो जाता है तो संभावना है कि यात्री उड़ानें उस समय के दौरान प्रभावित हो सकती हैं।
Read Also | बेंगलुरु को जल्द मिलेगा दूसरा एयरपोर्ट, क्या हो सकता है Location?
साल के अंत में बंद हो सकता है आदमपुर एयर बेस
पंजाब के आदमपुर एयर बेस को इस साल के अंत में बंद करने का फैसला लिया गया है। संभावना है कि इस एयर बेस को नवंबर के बाद बंद किया जा सकता है। यह एयर बेस भी पाकिस्तान की सीमा के पास होने की वजह से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। खास तौर पर हाल में संचालित हुए ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान इस एयर बेस ने बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी।
चूंकि इन सभी एयरपोर्ट का उपयोग नागरिक उड़ानों के साथ-साथ सैन्य उड़ानों के लिए भी किया जाता है, इसलिए इन एयरपोर्ट पर बेहतरीन सुविधाओं को हमेशा मुहैया करवाने की कोशिश की जाती है। समय-समय पर इन एयरपोर्ट के रखरखाव का काम करते रहने से ये सुरक्षित रहने के साथ-साथ सभी सुविधाएं भी अच्छी तरह से उपलब्ध करवा पाती है।