ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली महिला की चाकू से गला रेत कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राथमिक तौर पर पुलिस का अनुमान है कि रिश्तों में खींचातानी की वजह से ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। मंगलवार की सुबह नरेंद्रपुर थाना इलाके के गड़िया के तेंतुलतला के ब्यूटी पार्लर में यह घटना घटी बतायी जाती है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का नाम रुपवाणी दास (50) बताया जाता है। वह तेंतुलतला इलाके में लगभग 15 सालों से एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। अपने पार्लर में ही रुपवाणी की हत्या कर दी गयी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला की हत्या करने के बाद हत्यारे ने भी आत्महत्या कर ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर को 12.05 बजे रुपवाणी का पति अनुप कुमार दास उसे पार्लर के सामने छोड़कर गया। 12.45 बजे पार्लर से फोन कर घर पर बताया गया कि पार्लर में मारपीट हो रही है। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत अनुप कुमार के साथ उनका बेटा और जीजा वहां पहुंचे।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतका एक कश्मीरी युवक के साथ संपर्क में थी। पिछले कई दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। संभावना जतायी जा रही है कि इस वजह से ही उसकी हत्या कर दी गयी है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि मंगलवार को रुपवाणी जैसे ही पार्लर में गयी उसके तुरंत बाद ही उक्त युवक भी पार्लर में पहुंच गया। इसके बाद युवक ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दोनों के बीच तेज झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद पार्लर से ही किसी ने रुपवाणी के घर पर फोन कर झगड़े की जानकारी दी।
परिजन जब पार्लर पहुंचे और दरवाजा खोलकर देखा तो वहां हर तरफ खून ही खून था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रुपवाणी के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। संभावना जतायी जा रही है कि आरोपी युवक ने अपने गले पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या की है। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर लिया है उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना क्यों घटी इसकी जांच की जा रही है।