बारूईपुरः नाबालिगसे शादी की कोशिश में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। शादी गुप्त तरीके से हो रही थी। नाबालिग से गुप्त शादी की भनक मिलते ही पुलिस सीधे शादी समारोह में पहुंच गई। जहां उस युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम अभिजीत मंडल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर अभिजीत का घर बारुईपुर के टोगरबेड़िया इलाके में है। वधू विधाननगर इलाके की निवासी है। दोनों का लंबे समय से प्रेम संबंध था लेकिन नाबालिग लड़की के घर से दोनों के संबंध को स्वीकार नहीं किया गया। इसी कारण लड़की घर से भागकर बारुईपुर आ गई थी।
इसके बाद दोनों ने विवाह का निर्णय लिया। अभिजीत के मामा के घर शादी का समारोह आयोजित किया गया। खबर पाकर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जिससे शादी टूट गई और आरोपी वर को पुलिस ले गई। पुलिस ने यह भी बताया कि वधू बिना किसी को बताए शादी के लिए घर से भागी थी।
कानून के अनुसार, 18 साल की उम्र से पहले लड़कियों की शादी कानूनन अपराध है। इस बात को जानने के बाद भी अभिजीत ने नाबालिग से शादी का फैसला कैसे लिया, यह पुलिस जांच रही है। इसके अलावा, यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी का सहयोग तो नहीं था। पुलिस ने बताया कि कानून के अनुसार आरोपी के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाएगा।