चेहरे और गर्दन की तरह पैर की देखभाल अक्सर हम नहीं करते। लेकिन पूरे दिन का सारा दबाव पैरों पर ही पड़ता है। सबसे ज्यादा गंदगी पैरों की तली पर जमती है और धूप के कारण टैन भी पड़ जाते है। सिर्फ साबुन और पानी से पैरों की तली साफ नहीं होती।
एड़ियां और पैरों की उंगलियां काली रह जाती हैं। यही समस्या घुटनों पर भी दिखाई देती है। इन हिस्सों की त्वचा मोटी होने की वजह से दाग-धब्बे हटाने में मेहनत करनी पड़ती है। हर महीने पार्लर जाकर पेडिक्योर कराना भी संभव नहीं। इसके बजाय कुछ घरेलू उपाय अपनाएं, जिससे त्वचा मुलायम हो और दाग-धब्बे दूर हों।
पैर की तली और एड़ियों के काले धब्बे दूर करने के तरीके :
टमाटर के रस का इस्तेमाल करें
टमाटर में विटामिन सी होता है, जो दाग-धब्बे साफ करने में मदद करता है। टमाटर के रस को दही के साथ मिलाकर उपयोग कर सकते हैं। दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो त्वचा को एक्सफोलिएट करता है। 2 चम्मच दही में 1 चम्मच टमाटर का रस मिलाएं। इस मिश्रण को पैरों पर लगाएं। आधे घंटे बाद पानी से धो लें। हफ्ते में 2-3 बार यह तरीका अपनाएं।
स्नान से पहले यह करें
घर लौटने के बाद हाथ-पैर साबुन से साफ करते हैं, लेकिन फिर भी पैरों में कई मृत कोशिकाएं और गंदगी रह जाती हैं। इसलिए स्नान से पहले पैरों पर दही लगाएं। दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो मृत कोशिकाओं की परत को साफ करता है। पैरों पर दही 10 मिनट तक लगाकर बैठें। उसके बाद स्नान करें। लगातार 1 महीने यह तरीका अपनाने से काले धब्बे धीरे-धीरे हट जाएंगे।
स्नान के बाद इसे लगाएं
स्नान के बाद या पैरों को धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी है। लेकिन मॉइस्चराइजर में एलोवेरा जेल मिलाकर लगाने से ज्यादा फायदा मिलता है। एलोवेरा जेल त्वचा की नमी बनाए रखता है और काले धब्बे कम करता है।
समय बचाने के लिए बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा सिर्फ रसोई में काम नहीं आता, यह त्वचा के कड़े दाग हटाने में भी उपयोगी है। समान मात्रा में बेकिंग सोडा और पानी मिलाएं। इस मिश्रण को स्नान से पहले पैरों पर लगाएं। 15 मिनट बाद पानी से धो लें। हफ्ते में दो दिन यह करने से काले धब्बे कम हो जाएंगे।
दाग-धब्बे दूर करने में हल्दी मदद कर सकती है
हल्दी पाउडर को ऑलिव ऑयल के साथ मिलाएं। पैरों पर इस पेस्ट को लगाएं। 10 मिनट बाद धो लें। हफ्ते में 2-3 बार यह मिश्रण लगाने से दाग-धब्बे कम होंगे।