नई दिल्लीःक्रिकेट के मैदान पर बड़ी-बड़ी बातें अक्सर प्रदर्शन के आगे फीकी पड़ जाती हैं। मोहम्मद रिजवान के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। हाल में टीम इंडिया के मैच न देखने का बयान देने वाले रिजवान बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में खुद का विकेट भी नहीं बचा सके। 23 वर्षीय नाहिद राणा की तूफानी रफ्तार ने रिजवान की तकनीकी खामियों को उजागर कर दिया। रिजवान की 10 रनों की सुस्त पारी ने पूरी टीम पर दबाव बना दिया। जिसके बाद पाकिस्तान की पूरी पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। 8 विकेट की इस शर्मनाक हार के बाद अब सोशल मीडिया पर रिजवान की जमकर फजीहत हो रही है। फैंस उनके पुराने बयानों और मौजूदा फॉर्म पर सवाल उठा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि ढाका हाइवे पर रिजवान ने टुक टुक पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 50 का रहा। जिसको लेकर लोग इस पाकिस्तानी विकेटकीपर की खूब आलोचना कर रहे हैं। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने नाहिद राणा की धारदार गेंदबाजी के सामने घुटने टेक दिए। मेहमान टीम 30.4 ओवरों में सिर्फ 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की सलामी जोड़ी ने सधी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 10 ओवरों में 41 रन जोड़े। साहिबजादा फरहान 38 गेंदों में 4 चौकों के साथ 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया।
अगली 8 साझेदारियां दहाई का आंकड़ा भी ना छू सकीं। आलम ये रहा कि पाकिस्तानी टीम 82 के स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से अबरार अहमद ने फहीम अशरफ के साथ अंतिम विकेट के लिए 41 गेंदों में 32 रन जुटाकर टीम को जैसे-तैसे शतक के पार पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान के अलावा, माज सदाकत (18), मोहम्मद रिजवान (10) और फहीम अशरफ (37) के अलावा, कोई अन्य बल्लेबज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप में शर्मनाक प्रदर्शन रहा। एक पत्रकार ने जब रिजवान को बताया कि श्रीलंका के खिलाफ मैच खराब था क्योंकि पाकिस्तान ने मजबूत स्थिति को गंवा दिया, लेकिन रिजवान ने कहा कि टीम ने मैच जीता और यही मायने रखता है। पत्रकार ने रिजवान से कहा कि वे भारत की क्रिकेट शैली देखें। इसपर पाकिस्तानी विकेटकीपर ने साफ जवाब देते हुए कहा था कि वे भारत के मैच नहीं देखते। जिसके बाद रिजवान की जमकर ट्रोलिंग हुई।