जयपुरः राजस्थान में साल 2026 में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा खत्म हो गई है। इस बार 10वीं और 12वीं की परीक्षा 12 फरवरी से शुरू हुई थी। जिसमें 10वीं बोर्ड परीक्षा 28 फरवरी को खत्म हो गई थी। जबकि 12वीं बोर्ड की अलग-अलग संकायों की परीक्षा 11 मार्च को खत्म हो गई। वहीं दोनों बोर्ड परीक्षा समाप्त होते ही राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) द्वारा 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस बार यह काफी जल्द होने वाला है और रिजल्ट के लिए छात्रों का इंतजार भी जल्द समाप्त हो जाएगा।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा ऐलान किया गया है कि राज्य में 10वीं और 12वीं परीक्षा के रिजल्ट का ऐलान इसी महीने यानी मार्च महीने में ही होने वाली है। 10वीं का परिणाम 20 मार्च और 12वीं का परिणाम 20 से 30 मार्च के बीच घोषित किए जाएंगे।
बोर्ड कर रही तेजी से रिजल्ट की तैयारी
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित माध्यमिक और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के सफल आयोजन के बाद अब परिणाम घोषित करने की तैयारी अंतिम चरण में है। बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 20 मार्च को घोषित किया जाएगा, जबकि 12वीं कक्षा का परिणाम 20 से 30 मार्च के बीच जारी करने की योजना है। इसके लिए बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से कराया जा रहा है।