जयपुरः राजस्थान की अनूपगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शहीद के घर से 'अशोक चक्र' और नकदी चोरी करने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1961 के युद्ध के शहीद लांस हवलदार शीशपाल सिंह को मरणोपरांत मिला अशोक चक्र भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक उर्फ अंकित अनूपगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से ही चोरी और लूट जैसे 17 मामले दर्ज हैं।
पुर्तगाली सेना के दांत खट्टे करने वाले शहीद का था मेडल
एसएचओ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि शहीद लांस हवलदार शीशपाल सिंह वर्ष 1961 में गोवा मुक्ति संग्राम के दौरान पुर्तगाली सेना के खिलाफ साहस दिखाते हुए शहीद हुए थे। उनके बलिदान के लिए भारत सरकार ने 15 अगस्त 1962 को उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च शांति कालीन सम्मान 'अशोक चक्र' से नवाजा था। इसी ऐतिहासिक सम्मान पर हिस्ट्रीशीटर ने हाथ साफ कर दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर में कार्यरत शहीद के पोते विक्रम सिंह ने 1 नवंबर 2025 को मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि अनूपगढ़ स्थित बंद मकान का ताला तोड़कर कोई अलमारी में रखा अशोक चक्र, नकदी और जियो फाइबर का उपकरण चुरा ले गया है। राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। एएसआई रामकुमार और एएसआई सलीम खान की टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए आरोपी अभिषेक उर्फ अंकित को पदमपुर थाना क्षेत्र से धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया अशोक चक्र बरामद किया, जिसकी शिनाख्त शहीद के परिजनों ने कर ली है। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के अनुसार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य कई चोरियों का भी खुलासा हो सकता है।