🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू हेडन को गुजरात टाइटंस ने बनाया बल्लेबाजी कोच

मैथ्यू हेडन अपनी आक्रामक लेकिन मजबूत तकनीक वाली बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे।

By रजनीश प्रसाद

Mar 10, 2026 15:22 IST

अहमदाबाद : आईपीएल 2026 सीजन से पहले गुजरात टाइटंस ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन को अपने टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।

मैथ्यू हेडन ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले दिग्गज बल्लेबाज रहे हैं। वह दो बार वनडे विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा भी रहे हैं। अपने दौर के सबसे आक्रामक और प्रभावशाली ओपनिंग बल्लेबाजों में उनकी गिनती होती है। अब वह गुजरात टाइटंस के साथ जुड़कर टीम के बल्लेबाजों को आधुनिक टी20 क्रिकेट की तकनीक और रणनीति सिखाएंगे।

मैथ्यू हेडन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों प्रारूपों में कुल 273 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई आईसीसी टूर्नामेंट जीतने में अहम भूमिका निभाई।

गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा कि टीम के लिए यह अहम समय है। उन्होंने कहा कि मैथ्यू हेडन का अनुभव बहुत बड़ा है। वह युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने में भी सक्षम हैं। उनके आने से आने वाले सीजन में हमारी बल्लेबाजी की पहचान मजबूत होगी।

मैथ्यू हेडन ने भी टीम से जुड़ने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अच्छी बल्लेबाजी विपक्ष पर दबाव बनाती है। महान बल्लेबाजी मैच को अपने नियंत्रण में ले लेती है। गुजरात टाइटंस के साथ हम यही स्तर हासिल करना चाहते हैं।

हेडन अपनी आक्रामक लेकिन मजबूत तकनीक वाली बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे। उनकी शैली ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान आक्रामक बल्लेबाजी को नई दिशा दी।

मैथ्यू हेडन ने आईपीएल में भी 32 मैच खेले हैं। उनका खेल इस लीग की तेज और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के लिए उपयुक्त माना जाता है।

Prev Article
टी-20 विश्व कप जीतने पर टीम इंडिया को BCCI का 131 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड इनाम
Next Article
चुनाव की तारीखों के कारण दो चरणों में जारी होगा आईपीएल 2026 का कार्यक्रम

Articles you may like: