अहमदाबादः2026 ICC Men's T20 World Cup के फाइनल में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भारत ने शानदार शुरुआत की। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ओपनिंग जोड़ी के रूप में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी बल्लेबाज़ी की।
मैच की शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए दोनों ओपनरों ने पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की। T20 World Cup के फाइनल के इतिहास में यह पहली बार है जब ओपनिंग पार्टनरशिप 50 रन से ज्यादा हुई है।
इससे पहले फाइनल में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी 48 रन की थी, जो 2009 में लॉर्ड्स में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के कामरान अकमल और शाहज़ैब हसन ने बनाई थी।
पूरे टूर्नामेंट में बड़ी पारी नहीं खेलने वाले अभिषेक शर्मा ने फाइनल के मंच पर खुद को साबित किया। वहीं संजू सैमसन ने भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। दोनों ने मिलकर पावर प्ले में ही 92 रन बनाए, जो T20 World Cup के इतिहास में किसी भी मैच का सबसे बड़ा पावर प्ले स्कोर है।
T20 World Cup में सबसे बड़े पावर प्ले स्कोर की सूची में अब सबसे ऊपर भारत का 92/0 है। इससे पहले 2024 में ब्रिजटाउन में अफगानिस्तान के खिलाफ वेस्ट इंडीज़ ने भी 92 रन बनाए थे। इसके अलावा 2014 में सिलहट में आयरलैंड के खिलाफ नीदरलैंड्स ने 91 रन बनाए थे।
गौरतलब है कि न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। मैच शुरू होने से पहले दर्शकों का उत्साह तब और बढ़ गया जब भारत के दो दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी और रोहित शर्मा मैदान पर T20 World Cup की ट्रॉफी लेकर आए।
धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में पहला T20 World Cup जीता था, जबकि रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में भारत ने दूसरा खिताब अपने नाम किया।
इस मैच में भारत के टॉप ऑर्डर के पहले तीन बल्लेबाज़ों ने अर्धशतक लगाए।
अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन बनाए।
ईशान किशन ने 25 गेंद में 54 रन बनाए।
वहीं संजू सैमसन एक बार फिर शतक के करीब पहुंचकर चूक गए। उन्होंने 46 गेंद में 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके अलावा शिवम दुबे की 8 गेंद में 26 रन की कैमियो पारी ने भारत को 250 रन के पार पहुंचाने में मदद की।
निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर टीम इंडिया ने 255 रन बनाए।