राज्य में इस समय चुनाव आयोग की फुल बेंच मौजूद है। सोमवार को ही राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में चुनाव आयोग ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सख्त निर्देश दिए हैं। इस बीच सोमवार की शाम को उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में गोलीबारी का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय एक भाजपा नेता को निशाना बनाकर गोली चलायी गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल विधानसभा केंद्र के अंतर्गत भाटपाड़ा नगरनिगम के वार्ड नंबर 35 में गोली चलने की यह घटना घटी है। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता अमित साव को निशाना बनाकर अपराधियों ने उनपर गोली चलायी है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ अपराधी राजू साव के घर पर पहुंचे। उस समय राजू साव अपने घर पर मौजूद नहीं थे लेकिन अमित साव वहां मौजूद थे।
आरोप है कि अपराधियों ने अमित साव को घर से बाहर बुलाकर पहले उनकी पिटाई की और उसके बाद घर पर गोली चला दी। घटना के बाद ही इलाके में हड़कंप मच गया है। परिवार का दावा है कि कल (रविवार) को राजू साव ने बैरकपुर में आयोजित भाजपा की 'परिवर्तन संकल्प यात्रा' में हिस्सा लिया था।
आरोप है कि इस गुस्से में ही अपराधियों ने उनके घर को निशाना बनाया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के बैरकपुर संगठन के सह-अध्यक्ष प्रियांकु पांडे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता होने के आरोप में है इलाके में आतंक फैलाया जा रहा है। उनका आरोप है कि तृणमूल समर्थित अपराधियों ने ही भाजपा कार्यकर्ता के घर पर हमला किया और गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।
चुनाव आयोग एक तरफ शांतिपूर्ण चुनाव होने का आश्वासन दे रही है लेकिन ऐसी परिस्थिति में कैसे शांतिपूर्ण चुनाव करवाना संभव होगा, इसे लेकर चुनाव आयोग खुद ही संशय में है। घटना की जानकारी मिलते ही भाटपाड़ा की पुलिस मौके पर पहुंची और परिस्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। बताया जाता है कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।