पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल की राजनीति में जिस मुद्दे ने सबसे ज्यादा हलचल मचा दी है वह है राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्य सरकार को लेकर शुरू हुआ विवाद। इस मुद्दे पर अब फोटो शेयर कर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने भाजपा पर कटाक्ष किया है। पर क्या है इस फोटो ने जिसने इस विवाद को और भी हवा दे दी है?
तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने जो फोटो शेयर किया है उसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भी दिखाई दे रहे हैं। अब आप पूछेंगे कि भला इस फोटो में ऐसा क्या खास है? दरअसल, तृणमूल सांसद ने जो फोटो शेयर की है उसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खड़ी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुर्सी पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
रविवार को दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर की सभा से राज्य के निवासियों के सामने अभिषेक बनर्जी ने यह फोटो साझा की जिसमें लालकृष्ण आडवाणी और नरेंद्र मोदी कुर्सी पर बैठे हुए हैं और राष्ट्रपति पास में ही खड़ी हैं। इसके साथ ही अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राष्ट्रपति द्वारा राजनैतिक आक्रमण करवाया है।
उन्होंने कहा कि देश का ऐसा ही दुर्भाग्य है कि राष्ट्रपति का पद जो राजनीति से ऊपर है, उस पद को भी इन लोगों ने नहीं छोड़ा। कल (शनिवार) को ममता बनर्जी की सरकार पर राजनैतिक आक्रमण करवाया गया। उनका आरोप है कि हमारी सरकार ने राष्ट्रपति का अपमान किया है। क्यों? क्योंकि ममता बनर्जी आम लोगों के लिए लड़ रही हैं, धरना पर बैठी हैं। राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए नहीं गयी।
इसके अगले पल ही अभिषेक बनर्जी के सभा मंच पर यह फोटो उभरी। इस फोटो को दिखाकर उन्होंने कहा कि PIB (प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो) जो भारत सरकार के अधीनस्थ एक नोडल संस्थान है, ने इसे पोस्ट किया था। अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रपति का अपमान कौन कर रहा है? देश का अपमान किसने किया?
बांग्लाभाषियों और बंगाल का अपमान किसने किया? जब मणिपुर लगभग 3 सालों से जल रहा है, एक के बाद एक जनजाति के लोग पीड़ित हो रहे हैं, तब राष्ट्रपति से हमने कुछ नहीं सुना। राम मंदिर के उद्घाटन के समय राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं किया गया था क्योंकि वह अनुसूचित जाति की महिला हैं। देश के नए लोकसभा के उद्घाटन समारोह में भी राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं किया गया था। क्या इतने लोग भूल गए हैं?
इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के एक इंटरव्यू का हवाला देते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति किससे मिलेंगी, यह राष्ट्रपति खुद तय नहीं करती हैं। प्रधानमंत्री सचिवालय से सूची भेजा जाता है कि राष्ट्रपति किससे मिलेंगी, कब किस प्रकार से किसके साथ बैठेंगी।
गौरतलब है कि शनिवार को सिलीगुड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का एक कार्यक्रम था। उस कार्यक्रम के स्थल को लेकर ही इस विवाद की शुरुआत हुई। इस मामले में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव से मामले की रिपोर्ट तलब भी की है। मिली जानकारी के अनुसार आज शाम तक मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती यह रिपोर्ट केंद्रीय मंत्रालय को सौंप देंगी।