🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चुनाव के समय कानून-व्यवस्था में कोई भी लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त - ज्ञानेश कुमार की सख्त चेतावनी

बैठक में चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया कि राज्य भर में जिनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज है, उनके खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।

पश्चिम बंगाल में SIR की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। अंतिम मतदाता सूची का एक हिस्सा जारी किया जा चुका है। दस्तावेजों की जांच चल रही है। सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में आदेश दिया था कि जैसे-जैसे जांच की प्रक्रिया पूरी होगी अंतिम मतदाता सूची को अपडेट भी कर दिया जाएगा। अब इंतजार है तो विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की। राज्य में चुनाव आयोग की फुल बेंच रविवार की देर शाम को पहुंच चुकी है जो सोमवार से एक्शन मोड में भी आ चुकी है।

चुनाव आयोग की फुल बेंच का राज्य में आना यानी अब किसी भी समय चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया जा सकता है। सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (CEC Gyanesh Kumar) ने राज्य की राजनीति में सक्रिय सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ सर्वदलीय बैठक की। इसके साथ ही सोमवार को राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर भी ज्ञानेश कुमार ने बैठक की।

मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में चुनाव आयोग के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बैठक के दौरान ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट कर दिया कि कानून-व्यवस्था को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने इस बाबत जिलाधिकारी व पुलिस सुपर से आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा है। चुनाव आयोग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की बैठक में चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया कि राज्य भर में जिनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज है, उनके खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। कई बार ऐसा भी देखा जाता है कि गैर-जमानती धारा में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी आजाद घूमता है। चुनाव आयोग ने कहा कि इन सभी मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करना होगा और वारंट की संख्या को 'जीरो' करना होगा।

चुनाव आयोग ने संवेदनशील इलाकों को चिह्नित करने का काम भी जल्द से जल्द पूरा करने की हिदायत दी है। आयोग ने कहा है कि अगले एक सप्ताह के अंदर जिला प्रशासन को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर सूची तैयार कर लेनी होगी। इस सूची में राजनैतिक रूप से संवेदनशील समूहों को भी सूचीबद्ध करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने एक बेहद महत्वपूर्ण आदेश दिया है।

अपने आदेश में आयोग ने कहा है कि जो लोग गड़बड़ी कर सकते हैं, ऐसे नामों की सूची भी तैयार करनी होगी। आयोग का निर्देश है कि इससे पहले चुनाव में जिन लोगों पर गड़बड़ी करने का आरोप है, विधानसभा चुनाव 2026 वाले दिन सुबह 6 बजे से चुनाव सम्पन्न होने तक उन्हें एक प्रकार से नजरबंद करके रखना होगा। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि चुनाव के दौरान ऐसे लोग किसी भी प्रकार से बाहर घूमते हुए नजर नहीं आने चाहिए।

Prev Article
चुनाव आयोग के साथ हुई सर्वदलीय बैठक, कितने चरणों में भाजपा-सीपीएम-कांग्रेस चाहती है चुनाव? तृणमूल ने क्या कहा?

Articles you may like: