पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंकने वाला है - पार्टी की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने बंगाल को 4 हिस्सों में बांटकर प्रचार अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। चारों अलग-अलग हिस्सों, उत्तर, दक्षिण, मध्य व जंगलमहल के लिए अलग-अलग प्रचार रणनीतियां भी बनायी जा सकती है।
कांग्रेस के दिल्ली सदर ऑफिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरबंगाल में पार्टी के प्रचार का चेहरा वायनाड की सांसद व पार्टी की सचिव प्रियंका गांधी वाड्रा होंगी। पार्टी ने प्रचार अभियान को लेकर जो प्राथमिक योजनाएं बनायी है उसके मुताबिक उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में रोड शो और बड़े जनसभाओं को प्रियंका गांधी संबोधित कर सकती हैं।
वहीं दक्षिण बंगाल की जिम्मेदारी लोकसभा में विपक्षी पार्टी के नेता राहुल गांधी संभालने वाले हैं। साथ ही कोलकाता व हावड़ा क्षेत्र की विभिन्न सीटों पर प्रचार की रणनीति भी राहुल गांधी खुद ही तैयार कर सकते हैं।
बताया जाता है कि राहुल गांधी कोलकाता व हावड़ा में रोड शो के साथ ही बड़े जनसभाओं को संबोधित कर सकते हैं। उनका साथ देने के लिए कांग्रेस सचिव मल्लिकार्जुन खड़गे व पार्टी के अन्य प्रमुख नेता बंगाल में आ सकते हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हाईकमांड ने अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। राज्य की 294 सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस चुनाव में तृणमूल और भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए अपनी पूरी ताकत के साथ पार्टी के नेता-कार्यकर्ताओं को चुनाव के मैदान में उतरने का आह्वान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खडगे ने किया है।
इस मामले में कांग्रेस की नजरें राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद 43 सीटों पर ही सबसे ज्यादा गड़ी हुई है। खासतौर पर जिन इलाकों में अल्पसंख्यक ही बहुमत हैं, उन सीटों पर अपनी पूरी ताकत झोंकने का फरमान पार्टी हाईकमांड ने जारी किया है।
इस वजह से बताया जाता है कि मुर्शिदाबाद, मालदह से लेकर उत्तर बंगाल के कई जिलों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। कांग्रेस का मानना है कि उत्तर बंगाल की कई सीटों पर तृणमूल की सांगठनिक शक्ति ठीक नहीं है। उन सीटों पर अगर भाजपा और तृणमूल के वोटबैंक में दरार डाली जा सकी तो इसका फायदा कांग्रेस को मिल सकता है। पार्टी के प्रमुख नेताओं का मानना है कि उत्तर बंगाल की इन सीटों पर प्रियंका गांधी वाड्रा एक अच्छा दांव साबित हो सकती हैं।
इस बारे में पार्टी की प्रचार रणनीतियों के बारे में अधिक खुलासा न करते हुए एआईसीसी के नेता गुलाम अहमद मीर का दावा है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंक देगी। हमारे वरिष्ठ नेता भी प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे।