सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने बीते रविवार (08 मार्च) 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इस जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में सब गमगीन हो गए। पाकिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ी और क्रिकेट एक्सपर्ट्स टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड को जितवा रहे थे, लेकिन जीत भारत की हुई। भारत की जीत पर शोएब अख्तर को मानिए मिर्ची लग गई।
अख्तर ने मैच के बाद कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने क्रिकेट को बर्बाद कर दिया है। इसके अलावा अख्तर ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड की तुलना एक अमीर बच्चे से की, जो गरीबों को बुलाकर अपनी ताकत दिखाता है।
अख्तर का बयान वायरल
पाकिस्तान के 'गेम ऑन है' शो पर बात करते हुए शोएब अख्तर ने कहा, "ये कुछ वैसा ही है जैसे किसी मोहल्ले में एक अमीर बच्चा सभी गरीब बच्चों को बुलाकर कहता है, 'चलो क्रिकेट खेलते हैं।' भारत हमारे साथ ठीक यही कर रहा है। आठ टीमों में से वे चार को रखते हैं और उन चार में से वे तीन को फिर से बुलाते हैं और आगे बढ़ते हैं। फिर वे कहते हैं, 'देखो, मैं जीत गया.' उन्होंने पूरा क्रिकेट बर्बाद कर दिया है।"
भारत ने लगातार जीती 3 आईसीसी ट्रॉफी
गौरतलब है कि टीम इंडिया ने पिछले 2 सालों के अंदर लगातार तीन ट्रॉफी अपने नाम की हैं। 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था। इसके बाद मेन इन ब्लू ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में जीत दर्ज की। यह ट्रॉफी भी रोहित शर्मा की कप्तानी में आई। अब 2026 टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में जीत हासिल की।
इस तरह मेन इन ब्लू ने लगातार 3 ट्रॉफी पर अपना नाम लिखवाया। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम इस स्ट्रीक को कहां तक बरकरार रखती है।