अहमदाबादः वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में अब से थोड़ी ही देर में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच भिड़ंत हो रही है। पिछले वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम इंडिया इस बार सूर्यकुमार यादव की अगुआई में अपने खिताब की रक्षा कर नया इतिहास बनाने की कोशिश करेगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के इस मुकाबले पर पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों की निगाह टिकी हुई है। स्टेडियम भी खचाखच भरा हुआ है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल (T20 World Cup Final) में चंद मिनटों के बाद भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला होने जा रहा है। कैप्टन सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया चैंपियन के खिताब की रक्षा करने और 2007 और 2024 के इतिहास को दोहराने के लिए मैदान में उतर गई है। भारत ने 2007 में पाकिस्तान और 2024 में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 का खिताब अपने नाम किया था। आज के मैच में अपने घरेलू मैदान पर खेल रही टीम इंडिया का मनोबल ऊंचा है। क्योंकि ठीक एक साल पहले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में दोनों टीमों के बीच टक्कर हुई थी। पिछले साल 9 मार्च 2025 को दुबई में हुए फाइनल में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 4 विकेट से मात दी थी। हालांकि, वह 50 ओवर का मुकाबला था और उस टीम में सूर्यकुमार यादव नहीं थे लेकिन, आज आज जब दोनों टीमें मैदान में उतर चुकी हैं तो उस मैच की याद दोनों ही टीमों के मन में ताज़ा रहेगी। भारत के लिए यह मैच फाइनल में हाल के समय में अपने रिकॉर्ड को बेहतर करने का भी एक अच्छा मौका है। भारत पिछले सवा दो वर्षों में आईसीसी के चार मुकाबलों के फाइनल में पहुंचा है जिसमें से दो में उसे जीत और दो में हार मिली है। टीम इंडिया ने 2025 में न्यूज़ीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी और 2024 में दक्षिण अफ्रीका को मात देकर टी20 वर्ल्ड कप जीता था। हालांकि, 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और नवंबर 2023 में वनडे विश्व कप के फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों मायूसी का सामना करना पड़ा था।