🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आधुनिकता डिजिटल पिंजरे में बदल रही है: शंभुनाथ

डॉ. भोला प्रसाद सिंह स्मृति व्याख्यानमाला का पहला आयोजन नैहाटी में संपन्न

By रजनीश प्रसाद

Mar 02, 2026 19:43 IST

नैहाटी : कांचरापाड़ा की संस्था ‘पगडंडी : नई राह की तलाश’ की ओर से डॉ. भोला प्रसाद सिंह स्मृति व्याख्यानमाला का पहला व्याख्यान नैहाटी के समरेश बसु मंच में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांचरापाड़ा और नैहाटी के शिक्षक, बुद्धिजीवी और छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

‘आधुनिकता की परंपरा : समस्याएं और उपलब्धियां’ विषय पर बोलते हुए वागर्थ के संपादक, भारतीय भाषा परिषद, कोलकाता के निदेशक और वरिष्ठ आलोचक शंभुनाथ ने कहा कि आधुनिकता एक समय मुक्ति द्वार के रूप में आई थी लेकिन आज वह डिजिटल पिंजरे में बदलती जा रही है। उन्होंने औद्योगीकरण को आधुनिकता का मुख्य आधार बताया। साथ ही कहा कि एआई के दौर में कूपमंडूकता और आधुनिकता साथ-साथ चल रहे हैं। ज्ञान पर सत्ता का नियंत्रण बढ़ रहा है और विचार पूजित वस्तुओं में बदलते जा रहे हैं। उन्होंने बढ़ते कट्टरपंथ से मुकाबले के लिए वैज्ञानिक दृष्टि और उदारता पर जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में शंभुनाथ ने स्वर्गीय डॉ. भोला प्रसाद सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। डॉ. अंजू सिंह ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया। विद्यासागर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. संजय जायसवाल ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार गंगा प्रसाद ने मोमेंटो भेंट किया। नाट्यकर्मी सुशील कांति ने स्वागत भाषण दिया और कबीर का पद ‘मन पंछी रा रे...’ गाकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।

डॉ. कलावती कुमारी ने डॉ. भोला प्रसाद सिंह के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने कांचरापाड़ा में कई पीढ़ियों को तैयार किया। वे शिक्षण और सांस्कृतिक कार्यों में निष्ठावान थे। संजय राय ने कार्यक्रम का संचालन किया। शिक्षक राजेश कुमार पांडे और प्रोफेसर एन चंद्र राव ने प्रश्न पूछे। माणिकचंद प्रसाद, इंदु सिंह और गंगा प्रसाद भी मंच पर उपस्थित रहे। अंत में गंगा प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया और अगले वर्ष दूसरी कड़ी आयोजित करने की घोषणा की।

Prev Article
बंगाल से सिर्फ वोटर लिस्ट से नाम नहीं कटेगा, घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे… अमित शाह की हुंकार

Articles you may like: