भांगड़ में शनिवार रात फिर तनाव फैल गया। तृणमूल कांग्रेस नेता खैरुल इस्लाम पर हमले का आरोप लगा है। घटना में खैरुल समेत चार लोग घायल हुए हैं। अन्य घायलों में सुराबुद्दीन मोल्ला, सिराजुल इस्लाम और मतिउर रहमान शामिल हैं। आरोप है कि हमले में खैरुल इस्लाम का सिर फट गया। उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मौके पर पुलिस बल तैनात है।
तृणमूल सूत्रों का दावा है कि संगठनात्मक काम से पोलरहाट थाने के खैरुल और उनके साथी दक्षिण गाज़ीपुर इलाके में गए थे। उसी समय उन पर हमला किया गया। आरोप है कि सड़क का इलेक्ट्रिक ट्रांसमीटर बंद कर उनकी पिटाई की गई। इस घटना को लेकर तृणमूल नेतृत्व ने आईएसएफ के खिलाफ आवाज उठाई है। घटना के बाद इलाके में व्यापक तनाव फैल गया। स्थिति संभालने के लिए पोलरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल घायल लोग जिरानगाछा अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।
घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला ने कहा कि हमारे चार कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आईएसएफ के समर्थन से खतरनाक गतिविधियां चल रही हैं। हमने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। वहीं आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि रमजान के महीने में वहां माहौल गरमाने की कोशिश तृणमूल नेता कर रहे हैं। इस घटना में आईएसएफ किसी भी तरह से शामिल नहीं है।