पड़ोसी राष्ट्र बांग्लादेश में हो रहे चुनाव (Bangladesh Election) का दोनों देशों की अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्य पर असर पड़ा है। बांग्लादेश चुनाव में होने वाली हिंसा से भारत प्रभावित न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए बुधवार से ही पेट्रापोल सीमा से होकर वाणिज्य को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। बांग्लादेश में छुट्टी होने की वजह से शुक्रवार को भी वाणिज्य का काम बंद ही रहेगा।
बताया जाता है कि चुनाव के बाद अगर बांग्लादेश की परिस्थिति सामान्य रहती है तो फिर शनिवार से पेट्रापोल सीमा को खोल दिया जाएगा और दोनों देशों के बीच आयात-निर्यात का काम पूरी तरह से दोबारा शुरू हो जाएगा। पेट्रापोल बंदरगाह सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बांग्लादेश में जब से हालात बिगड़े हैं, उसके बाद से दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही कम हो गयी है।
इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर बांग्लादेशी नागरिक भारत तो आते हैं, लेकिन उनकी संख्या भी बहुत कम है। चुनाव की घोषणा के बाद ही बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक जो इलाज के लिए भारत आए थे, वे बांग्लादेश वापस लौट गए।
बुधवार की रात को भी कुछ बांग्लादेशी नागरिक सीमा पार होकर वोट देने के लिए वापस लौटे लेकिन गुरुवार को नागरिकों की आवाजाही को भी बंद रखा गया था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बांग्लादेश में हालात बिगड़ने से पहले प्रतिदिन 400 से 450 ट्रक सामानों का भारत से निर्यात किया जाता था लेकिन जब से बांग्लादेश के अस्थिर हालात हुए तब से यह संख्या घटकर 150 से 200 पर पहुंच गयी है। अब चुनाव की वजह से 3 दिनों से वाणिज्य को बंद रखा गया है।
बताया जाता है कि इसका असर पेट्रापोल के मुद्रा विनिमय व्यवसाय पर भी पड़ा है। बुधवार से ही पेट्रापोल पर मुद्रा विनिमय केंद्र, होटल, रेस्तरां सब कुछ बंद है। पूरा दिन पेट्रापोल पूरी तरह से सुना ही रहा।
दोनों देशों की सीमा पर बीएसएफ के जवानों ने निगरानी बढ़ा दी है। बात अगर दोनों देशों की सीमा की करें तो बनगांव महकमा में हर तरफ शांति है लेकिन दोनों देशों के बीच कुछ हिस्सों में कांटा तार की बाड़ नहीं है। इस वजह से बिना बाड़ वाली जगह से बांग्लादेशी घुसपैठ न कर सकें इसे सुनिश्चित करने का काम बनगांव जिला पुलिस के अधिकारी कर रहे हैं।
सीमा के सटे भारतीय इलाकों में पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गयी है। सीमा से सटे रास्तों पर नाका चेकिंग भी की जा रही है। पेट्रापोल के क्लियरिंग एंड फेरोयर्डिंग एजेंट एसोसिएशन के सचिव कार्तिक चक्रवर्ती ने बताया कि बांग्लादेश में चुनाव की वजह से दोनों देशों के बीच व्यापार अभी बंद है। शनिवार से भी शुरू होगा।