उत्तर 24 परगनाः टाकी नगरपालिका क्षेत्र में एक पूर्व BSF जवान और तृणमूल कांग्रेस के पार्षद के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वार्ड नंबर 10 के निवासी पूर्व BSF जवान ने वार्ड नंबर 12 के तृणमूल पार्षद मनोरंजन पात्रा पर गंभीर आरोप लगाये हैं। जवान ने इलाके के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, जबरन वसूली और जमीन हड़पने का विरोध करने के कारण उन्हें और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
पूर्व सैनिक का आरोप है कि एक साल पहले जब उन्होंने इन कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई, तो पार्षद और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और घर पर हमला किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी पत्नी शिकायत दर्ज कराने हसनाबाद थाने गईं। उसी दौरान उनके साथ सड़क पर गाली-गलौज की गई और छेड़छाड़ तक हुई। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी। लेकिन किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व BSF जवान ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले उनकी पत्नी को सार्वजनिक स्थान पर फिर से अपमानित किया गया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता ने आरोपियों का हौसला बढ़ाया है।
वहीं, तृणमूल पार्षद मनोरंजन पात्रा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें झूठा और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। पार्षद का दावा है कि पूर्व BSF जवान ने ही उनके परिवार और इलाके की तृणमूल कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से महिलाओं, के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट की। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि पूर्व सैनिक ने उन्हें और उनके समर्थकों को हथियार दिखाकर धमकाया।
घटना के बाद पार्षद की पत्नी के नेतृत्व में इलाके की महिलाओं ने हाथों में झाड़ू लेकर पूर्व BSF जवान के घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर हसनाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
बशीरहाट दक्षिण के विधायक सप्तर्षि बनर्जी ने पार्षद का समर्थन करते हुए कहा कि उनके खिलाफ जानबूझकर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सच सामने लाने की मांग की है। फिलहाल मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से किसी ठोस कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी है। तनावपूर्ण माहौल के बीच इलाके के लोग निष्पक्ष जांच और जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।